हाथरस में सीएम योगी का अखिलेश पर हमला, बोले- रामलला के दर्शन करेंगे तो सद्बुद्धि आएगी

हाथरस: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को हाथरस में 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने संबंधी अखिलेश यादव के

हाथरस: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को हाथरस में 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने संबंधी अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जिनकी सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, उन्हें अयोध्या के विकास की चिंता करने का नैतिक अधिकार नहीं है।

Read more: राम मंदिर चढ़ावा मामला: सीएम योगी बोले- आस्था से खिलवाड़ न करें; सबूत हैं तो SIT को दें

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को किसी की पहचान की जरूरत नहीं है। उन्होंने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि वह इसकी चिंता करने के बजाय पश्चाताप करें और एक बार रामलला के दर्शन कर लें, इससे सद्बुद्धि आ जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई खुद को धार्मिक साबित करना चाहता है तो उसे मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर अपनी राय रखनी चाहिए। उन्होंने राम जन्मभूमि की तर्ज पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का अभियान चलाने की बात भी कही।

कानून-व्यवस्था और मोहर्रम जुलूस पर क्या बोले

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में अब सभी धार्मिक पर्व कानून के दायरे में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान हजारों ताजिया जुलूस शांतिपूर्वक निकले और कहीं भी उपद्रव की स्थिति नहीं बनी। सरकार की नीति स्पष्ट है कि किसी गरीब का घर, छज्जा या झोपड़ी हटाकर ताजिए नहीं निकाले जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर ताजिए की ऊंचाई कम की जा सकती है, लेकिन आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को दंगामुक्त और माफिया मुक्त बनाने के साथ विकास की नई दिशा दी है। उनके अनुसार वर्ष 2017 से पहले प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और अराजकता के लिए बदनाम था, जबकि पिछले नौ वर्षों में कानून का राज स्थापित हुआ है।

विकास योजनाओं और विपक्ष पर भी साधा निशाना

अयोध्या को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को आज अयोध्या की याद आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या का वैभव फिर से स्थापित हुआ है और वहां त्रेतायुग की स्मृतियां साकार हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाए गए और धार्मिक आयोजनों में भी बाधाएं उत्पन्न की गईं। उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए आपातकाल को संविधान पर सबसे बड़ा प्रहार बताया और कहा कि आज समाजवादी पार्टी उसी कांग्रेस के साथ खड़ी है, जिसने लोकतंत्र को कुचलने का काम किया था।

विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों में चल रही परियोजनाएं जिले के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज, प्रोसेसिंग सेंटर, बेहतर बीज और कृषि अनुसंधान संस्थानों की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.