रांची: तुपुदाना थाना क्षेत्र के बालसिरिंग स्थित ब्लू पौंड में डूबे युवक साहिल कच्छप का शव रविवार को बरामद कर लिया गया। शनिवार को युवक के पानी में डूबने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई थी, लेकिन देर तक खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी मिलते ही तुपुदाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर युवक की तलाश शुरू कराई। घटनास्थल से युवक की मोटरसाइकिल, उसकी चाबी और चप्पल भी बरामद की गई थी।
NDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
रविवार को युवक की तलाश के लिए NDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने ब्लू पौंड में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद NDRF के जवानों ने पानी के अंदर से साहिल कच्छप का शव बाहर निकाल लिया।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और युवक के डूबने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।




