धनबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कट्टा-गोली के साथ 7 गिरफ्तार

धनसार में गश्त के दौरान पुलिस ने छह संदिग्ध युवकों को पकड़ा, पूछताछ में चोरी की बाइक और हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी का भी खुलासा हुआ।

अपनी भाषा में पढ़ें

धनबाद:  धनबाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धनसार थाना क्षेत्र में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो बाइक पर सवार छह संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से देशी कट्टा और दूसरे के पास से जिंदा गोली बरामद हुई। पूछताछ के बाद हथियार उपलब्ध कराने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने रविवार को प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने यह कार्रवाई 22 अगस्त की रात करीब 3:30 बजे धनसार थाना क्षेत्र के कलासंगम और मनईटांड़ इलाके में की।

पुलिस को देखते ही भागने लगे युवक

पुलिस गश्ती दल इलाके में भ्रमण कर रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर दो बाइक पर सवार छह युवकों पर पड़ी। पुलिस वाहन को देखते ही सभी युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए गांधी नगर शिव मंदिर के पास सीटी हॉक की मदद से इलाके की घेराबंदी की और सभी छह युवकों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आजाद आलम की कमर से एक देशी कट्टा, जबकि मुकेश कुमार की जेब से 3.15 एमएम की जिंदा गोली बरामद की गई।

एक बाइक चोरी की निकली

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि बरामद दो बाइकों में से एक चोरी की है। पुलिस के अनुसार, यह बाइक मटकुरिया इलाके से चोरी की गई थी। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों के चोरी की नीयत से इलाके में घूमने की बात सामने आई है।

हथियार के स्रोत की जानकारी जुटाने के दौरान आजाद आलम ने पुलिस को हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के रूप में जग्गू पासवान का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने आजाद की निशानदेही पर जग्गू पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया।

दो बाइक, कट्टा और गोली बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो बाइक, एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

फिलहाल धनसार थाना पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को धनबाद में अपराधियों के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *