रामगढ़ : रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र में बीती देर रात बड़ा हादसा टल गया। लोको चौक के पास सीमेंट लदे 10 चक्का ट्रक में अचानक आग लग गई। आग ट्रक के पिछले हिस्से और चक्के के पास से शुरू हुई और कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार ट्रक रामगढ़ की ओर से आ रहा था। लोको चौक के पास पहुंचते ही चालक ने ट्रक के पिछले हिस्से से धुआं निकलते देखा। वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही पिछले चक्के के पास आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और सुरक्षित बाहर निकल गया। चालक के समय रहते बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया।
Read More : झारखंड में करमा पर्व पर बारिश का अलर्ट, 24 सितंबर तक भारी बारिश
मौके पर पहुंची पुलिस
ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही बरकाकाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रामगढ़ अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, आग से ट्रक को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। ट्रक का नंबर JH10 DJV0426 बताया गया है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









