धनबाद : धनबाद जिले के कोयलांचल क्षेत्रों में भू-धंसान की घटनाओं पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। खासकर बाघमारा और कतरास कोयला क्षेत्र में लगातार जमीन धंसने और गोफ बनने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को मधुबन थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित महेशपुर कोलियरी के ओबी (ओवरबर्डन) स्थल पर भू-धंसान की एक बड़ी घटना घटी। महेशपुर कोलियरी के ओबी बर्डन क्षेत्र में अचानक करीब 30 फीट जमीन नीचे की ओर धंस गई। जमीन धंसने के साथ ही ऊपर जमा ओबी का भारी मलबा भी गहरे गोफ में जा गिरा।
Read More : धनबाद में प्रिंस खान के भाई बंटी खान की पुलिस परेड, वासेपुर में लोगों ने की मारपीट
इलाके में दहशत का माहौल, बड़ा हादसा टला
घटना स्थल के समीप अचानक हुए इस जोरदार भू-धंसान से आसपास के इलाके और खदान क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जिस समय जमीन धंसी, उस वक्त मौके पर कोई मजदूर या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन और भूमिगत खदानों की सही तरीके से फिलिंग (भराई) न होने के कारण लगातार इस तरह के खतरे बने रहते हैं।
सुरक्षा को लेकर प्रबंधन पर उठ रहे सवाल
बाघमारा और कतरास क्षेत्र में बार-बार हो रही भू-धंसान की घटनाओं से आसपास की बस्तियों और खदान में कार्यरत कर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कोलियरी प्रबंधन से प्रभावित स्थल को तत्काल घेरने और सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।




