हाजीपुर: वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के दिग्गी कला में चर्चित ठेकेदार रामनरेश राय की हत्या के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव हाजीपुर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान आरजेडी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी सहित पार्टी के कई विधायक और स्थानीय नेता मौजूद रहे। तेजस्वी यादव ने रामनरेश राय के आवास पर पहुंचकर सबसे पहले उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने मृतक की पत्नी और बेटे से अलग मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार की सुरक्षा व्यवस्था और अब तक हुई पुलिस कार्रवाई के बारे में भी जानकारी हासिल की।
परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता
मुलाकात के दौरान मृतक के परिजनों ने घटना से जुड़ी जानकारी तेजस्वी यादव के सामने रखी। गौरतलब है कि रामनरेश राय की पत्नी पहले ही अपनी और परिवार के सदस्यों की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग कर चुकी हैं। तेजस्वी यादव ने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और मामले में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी ली।
कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहा है और अपराधी बेखौफ होकर हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी यादव ने कहा कि पुलिस को अपराधियों पर कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने रामनरेश राय हत्याकांड के सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय के साथ पुख्ता सुरक्षा देने की मांग की।
पुलिस जांच में कई एंगल पर फोकस
रामनरेश राय हत्याकांड के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का दिग्गी स्थित उनके आवास पर पहुंचना जारी है। इससे मामले को लेकर राजनीतिक दबाव भी बढ़ रहा है। दूसरी ओर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस एक मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तिरहुत रेंज के आईजी चंदन कुशवाहा भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की समीक्षा कर चुके हैं। पुलिस रास्ते और जमीन से जुड़े विवाद के अलावा ठेकेदारी में आपसी प्रतिस्पर्धा के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल रामनरेश राय की हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस की जांच पूरी होने और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




