रांची : नई दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ रैली को लेकर पार्टी तैयारियों में जुटी है। इस बीच झारखंड के टाना भगतों का एक समूह रांची के बेड़ो से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अनुयायी टाना भगत अपनी पारंपरिक वेशभूषा में दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे राहुल गांधी के आह्वान पर रैली में शामिल होने के लिए रवाना हुए हैं।
Read More : गिरिडीह में बैडमिंटन चैंपियनशिप का उद्घाटन, कल्पना सोरेन ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
केडी गुरुजी बोले- संख्या कम हो, फिर भी रैली में होंगे शामिल
दिल्ली जा रहे केडी गुरुजी ने कहा कि यदि रैली में 10 लाख लोग पहुंचते हैं, तो उनकी टोली की संख्या भले ही 30 हो, लेकिन वे इसमें जरूर शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह उनके पूर्वजों ने अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन किया और उन्हें देश से भगाने में भूमिका निभाई, उसी तरह टाना भगत भी मौजूदा सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।
जलावन, बर्तन और राशन लेकर निकली टोली
दिल्ली जा रहे टाना भगत अपने साथ लकड़ी का जलावन, खाना बनाने के बर्तन और राशन भी लेकर निकले हैं। उनका कहना है कि इससे वहां भोजन की व्यवस्था करने में परेशानी नहीं होगी। केडी टाना भगत ने बताया कि वे पिकनिक मनाने नहीं जा रहे हैं। अपने साथ खाना बनाने का सामान ले जाने के पीछे उनकी परंपरा है, जिसके तहत वे खुद भोजन तैयार करते हैं और खाते हैं। इसी वजह से टोली अपने साथ जरूरी सामान लेकर जा रही है।
भंडारी टाना भगत ने बताई रवानगी की तैयारी
भंडारी टाना भगत ने बताया कि उनके साथ कई लोग दिल्ली जा रहे हैं और सभी इसके लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर वे रामलीला मैदान में आयोजित रैली में शामिल होंगे और केंद्र सरकार के विरोध में कांग्रेस का समर्थन करेंगे। दिल्ली रवाना होने वाले टाना भगतों में विक्रांत टाना भगत, जुड़ा टाना भगत, बलराम टाना भगत, बंधु टाना भगत, सोमरा टाना भगत और सुक्का टाना भगत समेत अन्य लोग शामिल हैं।



