रांची : स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत रांची नगर निगम की ओर से सेंट जॉन्स हाई स्कूल में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, स्त्रोत पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वच्छ शहर के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। उन्हें जिम्मेदार नागरिक व्यवहार के प्रति भी जागरूक किया गया।
Read More : डालसा रांची ने पीड़िता को दिलाया 50 हजार मुआवजा, बेटी का कराया नामांकन
निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता में छात्रों ने लिया हिस्सा
विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छता विषय पर निबंध लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। छात्रों ने स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ रांची को लेकर अपने विचार और रचनात्मकता प्रस्तुत की।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार
प्रतियोगिताओं के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाने तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
स्वच्छ रांची के लिए युवाओं की भागीदारी
रांची नगर निगम की ओर से स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत स्वच्छ रांची के निर्माण में विद्यार्थियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।









