पूर्वी सिंहभूम : जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) पर सोमवार तड़के पुआल लदी एक पिकअप वैन में अचानक आग लग गई। वाहन पारडीह की ओर से पुआल लेकर जमशेदपुर आ रहा था। आग लगते ही वैन से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में पुआल ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरा वाहन उसकी चपेट में आ गया।
Read More : बस्तर में PM मोदी के बयान पर भड़के राहुल गांधी, दोहराई बहस की चुनौती
घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया। उसने जलती हुई पिकअप वैन को भीड़भाड़ वाले इलाके से बाहर निकाला और सिटी इन होटल के पास सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया। इसके बाद चालक ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। वाहन से उठती आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद पिकअप वैन में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। चालक की सूझबूझ और दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। समय रहते वाहन को आबादी वाले इलाके से दूर रोक दिया गया था। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से निकली चिंगारी के चलते पुआल में आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना की जानकारी जुटा रहे हैं। जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा।



