जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के कदमा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर में घुसकर नकदी और सोने के आभूषण समेत रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान चोरी कर लिया। चोर घर से 50 हजार रुपये नकद, सोने के गहने, गैस सिलेंडर, राशन और खाना बनाने के अन्य घरेलू सामान लेकर फरार हो गए। चोरी के बाद घर में रहने वाली मां-बेटी के सामने भोजन बनाने और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है।
Read More : जमशेदपुर में पुआल लदी गाड़ी बनी आग का गोला, दमकल ने पाया काबू
घटना रविवार देर रात गणेश पूजा मैदान के पीछे की है। यहां पार्वती अपनी बेटी के साथ रहती हैं, जबकि उनका बेटा नौकरी के सिलसिले में शहर से बाहर रहता है। रविवार रात मां-बेटी घर में सो रही थीं। इसी दौरान देर रात दरवाजे पर कुछ आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और कई जरूरी चीजें गायब थीं।
नकदी और गहनों के साथ रसोई का सामान भी ले गए चोर
परिजनों के अनुसार, चोरों ने घर में रखे 50 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण चुरा लिए। इसके बाद रसोई में रखा गैस सिलेंडर, राशन और खाना बनाने के अन्य जरूरी सामान भी अपने साथ ले गए। चोरी की इस घटना से मां-बेटी की परेशानी बढ़ गई है। नकदी और आभूषण के साथ रसोई का सामान भी चोरी होने से उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की समस्या खड़ी हो गई है।
कदमा थाना पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
सोमवार सुबह मां-बेटी ने अपने बेटे के दोस्त रोहित को चोरी की घटना की जानकारी दी। इसके बाद रोहित के साथ दोनों कदमा थाना पहुंचीं और पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। परिवार ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और घटना में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।



