बस्तर में PM मोदी के बयान पर भड़के राहुल गांधी, दोहराई बहस की चुनौती

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ के बस्तर में सीआरपीएफ जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को लेकर राहुल गांधी ने उन पर निशाना साधा है। सोमवार को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी को एक

राहुल गांधी
राहुल गांधी (फाइल फोटो)

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ के बस्तर में सीआरपीएफ जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को लेकर राहुल गांधी ने उन पर निशाना साधा है। सोमवार को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी को एक बार फिर आमने-सामने बैठकर खुली बहस करने की चुनौती दी। राहुल गांधी ने कहा कि उन पर ‘राष्ट्र-विरोधी’ होने और ‘विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने’ जैसे जो आरोप लगाए गए हैं, उन पर वह कभी भी चर्चा करने को तैयार हैं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सीआरपीएफ जवानों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि जवानों के चेहरे देखकर ही समझ में आ रहा था कि वे प्रधानमंत्री की बातों से सहमत नहीं थे और उनकी बातों पर भरोसा नहीं कर रहे थे। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘आपके चेहरों से सब कुछ साफ पता चल रहा था। आपने प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं किया। उन्होंने हमें नक्सली कहा।’

Read More : निशा भगत की मौत की CBI जांच की मांग, पैतृक गांव पहुंचे सुदेश महतो

राहुल गांधी ने दोहराई खुली बहस की चुनौती

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि असल में राष्ट्र-विरोधी कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इन मुद्दों पर उनसे खुली बहस करनी चाहिए। राहुल गांधी ने अपनी चुनौती दोहराते हुए कहा, ‘मेरी चुनौती कायम है। वे मुझसे इस बात पर बहस करें कि कौन राष्ट्र-विरोधी है और कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर चल रहा है। कभी भी, कहीं भी।’ उन्होंने आगे दावा किया कि अगर प्रधानमंत्री उनके साथ इन मुद्दों पर बहस करते हैं, तो इसके बाद वह किसी भी जवान का सामना नहीं कर पाएंगे। राहुल ने कहा, ‘मेरी गारंटी है कि बहस के बाद प्रधानमंत्री में किसी एक भी जवान के सामने दोबारा खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी।’

पीएम मोदी ने कहा था, नक्सलवाद का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ

राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान के बाद आई है, जो उन्होंने रविवार को बस्तर में सीआरपीएफ जवानों के बीच दिया था। प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश में नक्सलवाद का खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया था कि जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन ‘दिमागी नक्सली’ अब भी देश के लिए चुनौती बने हुए हैं। ऐसे लोगों ने कई संगठनों और राजनीतिक दलों में घुसपैठ कर ली है। वे लोगों को संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ भड़काने का काम कर रहे हैं। बस्तर में सुरक्षा बलों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा था कि हथियारबंद नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में सफलता मिली है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘दिमागी नक्सलियों’ की पहचान कर उन्हें हराना और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।

पिछली सरकारों पर भी पीएम मोदी ने साधा था निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पहले नक्सल विरोधी अभियानों में जुटे सुरक्षाकर्मियों के हाथ बांध दिए गए थे और उन्हें जवाबी कार्रवाई की पूरी आजादी नहीं थी। मोदी ने कहा था, ‘पिछली सरकारों ने जमीन पर लड़ रहे सुरक्षाकर्मियों के हाथ बांध रखे थे। नक्सली हमले होते थे, लेकिन सुरक्षा बलों को खुलकर जवाबी कार्रवाई करने की आजादी नहीं थी। हमने सुरक्षा बलों को सभी जरूरी फैसले लेने की छूट दी।’ उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी सरकार ने उन लोगों के समर्थन को रोकने का काम किया, जो सरकार और सिस्टम के भीतर रहकर वामपंथी उग्रवाद को मदद पहुंचा रहे थे।

विदेशी ताकतों को लेकर पहले भी पीएम पर हमलावर रहे हैं राहुल

प्रधानमंत्री पर विदेशी ताकतों के प्रभाव को लेकर राहुल गांधी पहले भी आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने दावा किया था कि नरेंद्र मोदी विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और सत्ता में बने हुए हैं। राहुल ने यह आरोप भी लगाया था कि भारत की वित्तीय व्यवस्था विदेशी ताकतों के नियंत्रण और समर्थन में है। इन आरोपों को लेकर राहुल गांधी पहले भी प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती दे चुके हैं। उन्होंने कहा था, ‘मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच हो, कभी भी हो। अगर आपमें हिम्मत है तो सामने आइए। आप ऐसा करने की हिम्मत नहीं करेंगे, क्योंकि आप डरे हुए हैं कि मुझे आपके बारे में क्या-क्या पता है।’

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *