पटना: बिहार की राजनीति में अपने बाहुबल और शाही अंदाज के लिए मशहूर मोकामा विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी छोटी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। आगामी 25 नवंबर को अनंत सिंह के पैतृक गांव बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र के नदावां में होने वाली यह शादी बिहार की अब तक की सबसे भव्य, खर्चीली और शाही शादियों में शुमार होने जा रही है। इस शादी के आयोजन का पैमाना इतना बड़ा है कि इसे देखने के लिए लोगों की आंखें फटी रह जाएंगी।
शादी में बनेगा 4 लाख लोगों का खाना
दामाद को करोड़ों की लग्जरी कार, 4 लाख लोगों का भोज, बॉलीवुड से लेकर भोजपुरी सितारों का जमावड़ा और 10 बीघा जमीन पर बन रहे आलीशान पंडाल की तैयारियां जोरों पर हैं। अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि इस मांगलिक कार्यक्रम में सियासत की कोई दीवार नहीं होगी। पीएम मोदी से लेकर नीतीश कुमार, लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव तक सबको न्योता भेजा गया है।
दूल्हे ऋषिकेश कुमार का परिचय
अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी परिणय सूत्र में बंधने जा रही हैं। उनके होने वाले दामाद का नाम ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित है। ऋषिकेश पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर के रहने वाले कमांडेंट रणविजय कुमार के सुपुत्र हैं। उच्च शिक्षित ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है और पिछले करीब 11 वर्षों से अमेरिका में ही रह रहे हैं।
दामाद को डिफेंडर और बेटे को BMW का तोहफा
इस शादी में सबसे ज्यादा चर्चा अनंत सिंह द्वारा अपने होने वाले दामाद को दिए जा रहे बेशकीमती ‘गिफ्ट’ की है। अनंत सिंह अपने दामाद को देश की सबसे महंगी और लग्जरी ऑफ-रोड एसयूवी ‘लैंड रोवर डिफेंडर’ गिफ्ट कर रहे हैं। इस गाड़ी के टॉप वेरिएंट की कीमत करीब 2.50 करोड़ से 3 करोड़ रुपये तक है।
यह लग्जरी गाड़ी पटना पहुंच चुकी है। डिफेंडर अपनी दमदार ऑफ-रोड क्षमता, प्रीमियम इंटीरियर और ऑल-व्हील ड्राइव तकनीक के लिए दुनिया भर में मशहूर है. इसके साथ ही, 25 नवंबर को बेटी की शादी के दिन ही अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव कुमार का ‘शुभ उपनयन संस्कार’ (जनेऊ) भी है। इस मौके पर अनंत सिंह अपने बेटे अभिनव को लग्जरी ‘BMW’ कार गिफ्ट करने जा रहे हैं।
लदमा गांव में चीनी फूलों से सजेगा मंच
शादी का मुख्य समारोह 25 नवंबर को मोकामा स्थित उनके पैतृक गांव लदमा में होगा। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है, कि करीब 10 बीघा जमीन पर उत्तर प्रदेश के मऊ से बुलाए गए विशेष कारीगरों द्वारा विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है।
जयमाला के लिए जयपुर के ‘पत्रकार चौराहे’ की थीम पर 30 फीट ऊंचा भव्य और आलीशान स्टेज (मंच) बनाया जा रहा है. इस विशाल स्टेज को सजाने के लिए स्थानीय फूल नहीं, बल्कि सीधे चीन और बेंगलुरु से विशेष और महंगे फूल मंगाए गए हैं। सजावट की पूरी जिम्मेदारी देश की एक नामी इवेंट कंपनी को सौंपी गई है।
4 लाख मेहमानों के लिए ऐतिहासिक महाभोज
इस शाही शादी में मेहमानों के स्वागत और खाने-पीने का जो इंतजाम है, वह किसी महाभोज से कम नहीं है।अनंत सिंह ने खुद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस शादी में करीब 4 लाख लोगों के भोजन की मुकम्मल व्यवस्था की जा रही है। अगर मेहमानों की संख्या इससे भी ज्यादा बढ़ती है, तो खाना कम नहीं पड़ेगा।
बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ सिलाव खाजा
मेन्यू में 150 से अधिक प्रकार के व्यंजन (डिशेज) शामिल होंगे, जिसमें बिहार के पारंपरिक पकवानों के साथ-साथ देश-विदेश के कई अन्य व्यंजन भी परोसे जाएंगे। मिठाइयों में खास तौर पर ‘काजू कतली’ और नालंदा (सिलाव) का मशहूर 52 परतों वाला ‘सिलाव खाजा’ मेहमानों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा।
बॉलीवुड सितारों और दुबई की मॉडल्स का जमावड़ा
शादी के जश्न को यादगार और मनोरंजक बनाने के लिए बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सितारों का भारी जमावड़ा लगेगा। अनंत सिंह के आमंत्रण पर करीब तीन दर्जन (36 से ज्यादा) नामी कलाकार लदमा पहुंचेंगे. इस फेहरिस्त में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह, अक्षरा सिंह और आयशा खान जैसे बड़े नाम शामिल हैं। मनोरंजन के स्तर को और ऊंचा करने के लिए दुबई से 6 विदेशी मॉडल्स भी इस समारोह में खास प्रस्तुति देने पहुंच रही हैं।
शाही घुड़दौड़ का आयोजन
बाहुबली विधायक अनंत सिंह का घोड़ों और घुड़दौड़ से पुराना शौक रहा है, और यह शौक उनकी बेटी की शादी में भी परवान चढ़ेगा. शादी वाले दिन (25 नवंबर) दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक एक विशेष ‘घुड़दौड़’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसके लिए गांव में 12 बीघा जमीन पर एक बड़ा मैदान तैयार किया जा रहा है।
थार और मोटरसाइकिल का इनाम
इस शाही घुड़दौड़ में हिस्सा लेने के लिए उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा समेत देश के कई राज्यों से नामी घुड़सवार पहुंच रहे हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विजेता को लग्जरी एसयूवी ‘महिंद्रा थार’ दी जाएगी। वहीं, दूसरे स्थान पर आने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान वाले को ‘स्कूटी’ इनाम में दी जाएगी।
सभी राजनीतिक दिग्गजों को खुला निमंत्रण
इस शादी में राजनीति के हर रंग देखने को मिल सकते हैं। अनंत सिंह ने स्पष्ट किया है, कि बेटी की शादी में किसी के साथ कोई राजनीतिक भेदभाव नहीं किया जाएग।. उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत पक्ष और विपक्ष के तमाम छोटे-बड़े नेताओं को निमंत्रण भेजा है।
also read : दीपावली की रात राजधानी में मां काली की भव्य पूजा, भक्तिमय हुआ शहर



