रांची में स्थापना दिवस पखवाड़े पर कई कार्यक्रम, महिलाओं को मिले ₹4.40 लाख

रांची : झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित पखवाड़े के तहत शनिवार, 21 नवंबर को जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में स्वच्छता, आवास, शिक्षा, बाल विवाह रोकथाम, नशामुक्ति, कृषि विकास और महिला

स्थापना दिवस

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित पखवाड़े के तहत शनिवार, 21 नवंबर को जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में स्वच्छता, आवास, शिक्षा, बाल विवाह रोकथाम, नशामुक्ति, कृषि विकास और महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया गया। जिला प्रशासन और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की ओर से ग्रामीण आजीविका, कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए भी कई गतिविधियां चलाई गईं। इस दौरान लाभुकों को आवास योजनाओं का लाभ देने के साथ महिलाओं और किसान समूहों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया।

Read More : खूंटी के कर्रा में कृषि मेला, विधायक सुदीप गुड़िया ने बांटी परिसंपत्तियां

पंचायतों में स्वच्छता अभियान, कई परिवारों ने किया गृह प्रवेश

पंचायती राज विभाग के निर्देश पर जिले की विभिन्न पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। बच्चों को जागरूक करने के लिए बाल सभाओं का आयोजन हुआ। इनमें स्वच्छता, झारखंड की संस्कृति और विरासत पर निबंध, भाषण, वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताएं कराई गईं। आवास योजनाओं के तहत कई पंचायतों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए। काँके प्रखंड के बादू, माण्डर के सरवा, नगड़ी के कुदलौंग, लाएँग के ककरिया और ईटकी के कुल्ली पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों ने नए घरों में प्रवेश किया।

वहीं, खलारी प्रखंड के हुटाप पंचायत, अनगड़ा प्रखंड के ग्राम महली और ईटकी प्रखंड के कुल्ली पंचायत में अबुवा आवास योजना के तहत गृह प्रवेश कराया गया। बुढ़मू प्रखंड के बाड़े पंचायत में स्वच्छता शपथ के साथ बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर भी चर्चा हुई।

हुंडरू जलप्रपात से प्रखंडों तक चला स्वच्छता अभियान

हुंडरू जलप्रपात में पर्यटक मित्रों ने झारखंड स्थापना दिवस 2026 के तहत स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया। प्रखंड सभागार राहे में रबी कर्मशाला-सह-खेत बचाओ कार्यक्रम हुआ। तमाड़ प्रखंड की बिरगांव पंचायत में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं रातू प्रखंड की बाजपुर ग्राम पंचायत में स्वच्छता शपथ, रैली और बाल सभा हुई। नगड़ी प्रखंड में रबी कार्यशाला सह खेत बचाओ अभियान के साथ कूदलोंग पंचायत में सरसों की क्लस्टर फ्रंट लाइन डेमोंस्ट्रेशन से संबंधित प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया।

महिला समूहों को ट्रैक्टर और आर्थिक सहायता

JSLPS रांची ने जिले के सभी प्रखंडों में ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तीकरण, कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए। मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत सोनाहातू प्रखंड की हारिण पंचायत स्थित स्वयं सहायता समूह (SHG) हारिण और सोनाहातू फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) को ट्रैक्टर दिया गया। इससे महिलाओं और किसानों को कृषि कार्यों में सुविधा मिलेगी। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाभुकों को स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन के लिए कुल 4.40 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।

3,216 बकरियों का टीकाकरण, 250 की हुई डीवर्मिंग

पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए JSLPS ने बकरी स्वास्थ्य अभियान चलाया। नगड़ी प्रखंड के चिपरा IFC क्लस्टर के पंचडीहा IFC गांव में 30 IFC किसानों की 250 बकरियों की डीवर्मिंग की गई। इसके अलावा जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया।

सामुदायिक निवेश निधि से महिला समूहों को मिला सहयोग

सामुदायिक निवेश निधि (CIF) के तहत विभिन्न प्रखंडों के महिला समूहों को आर्थिक सहायता दी गई।

  • ओरमांझी प्रखंड के कुच्चू CLF के अंतर्गत 20 VO को 40 लाख रुपये दिए गए।

  • बड़रीडीह CLF के अंतर्गत 24 VO को 48 लाख रुपये मिले।

  • इटकी CLF के अंतर्गत 5 VO को 7.60 लाख रुपये वितरित किए गए।

  • अन्य प्रखंडों के CLF को कुल 39.62 लाख रुपये दिए गए।

इस राशि से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को कृषि, पशुपालन और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों में आर्थिक मदद मिलेगी।

जेंडर समानता और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता

CLF, VO और SHG के माध्यम से जिले में जागरूकता रैली, पोषण पखवाड़ा और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। महिलाओं और सामुदायिक सदस्यों ने जेंडर समानता, स्वास्थ्य और नशामुक्ति की शपथ ली। आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी आयोजित की गई। इस दौरान पोषण वाटिका, संतुलित आहार और गर्भावस्था में देखभाल से संबंधित जानकारी दी गई।

1,425 लाभार्थियों का e-KYC सत्यापन पूरा

वित्तीय प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए जिले में 109 SHG Cut-off और 54 VO Transaction शिविर लगाए गए। इन शिविरों के माध्यम से वित्तीय अभिलेखों और प्रबंधन को सुदृढ़ किया गया। इसके साथ ही आधार आधारित e-KYC अभियान के तहत कुल 1,425 लाभार्थियों का सत्यापन पूरा किया गया।

प्रखंडों में रक्तदान शिविरों का भी आयोजन

झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (पलाश), रांची की ओर से स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। ये शिविर 20 नवंबर से शुरू किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। JSLPS रांची के अनुसार, इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं, किसानों और वंचित परिवारों को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *