रांची : श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्री जीण माता प्रचार समिति, रांची की ओर से सेवा पहल की गई। समिति ने अपने सदस्यों के साथ शुक्रवार को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) मेडिकल चौक के पास स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में निःशुल्क खिचड़ी प्रसाद वितरण शिविर लगाया। दोपहर 3 बजे शुरू हुए इस सेवा शिविर में मरीजों, उनके परिजनों, अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ, एम्बुलेंस चालकों और राहगीरों समेत 1000 से अधिक लोगों ने गर्म खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया।
Read More : श्याम मंदिर में 215वां श्री श्याम भंडारा संपन्न, उमड़े भक्त
मरीजों और परिजनों को मिली विशेष मदद
रिम्स में दूर-दराज से इलाज कराने पहुंचे लोगों और अस्पताल में मरीजों के साथ दिनभर रहने वाले परिजनों ने इस सेवा का विशेष लाभ लिया। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने समिति के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि रिम्स जैसे बड़े अस्पताल के बाहर जन्माष्टमी के अवसर पर जरूरतमंदों के लिए इस तरह की पहल काफी उपयोगी है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि जनसेवा ही सच्ची सेवा है और आगे भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे।
इन सदस्यों का रहा विशेष सहयोग
सेवा शिविर को सफल बनाने में संगीता अग्रवाल, नेहा सिंघानिया, कविता सोमानी, शीतल अग्रवाल और सुष्मिता जी का विशेष सहयोग रहा। श्री जीण माता प्रचार समिति, रांची के सचिव नारायण विजयवर्गीय ने कार्यक्रम की जानकारी दी।




