भोजपुर : बिहार के भोजपुर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दंपति समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति बेतरह जख्मी हो गया। यह हादसा बिहिया थाना क्षेत्र के राही लाइन होटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े कंटेनर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
Read More : JDU के पोस्टर से नया सियासी संदेश, नीतीश के लिए भारत रत्न की मांग; निशांत बने ‘फ्यूचर लीडर
मिली जानकारी के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर बक्सर से आरा की ओर जा रहा था और किसी कारणवश सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान उसी लेन में पीछे से आ रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर कंटेनर से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में प्रकाश सिंह, उनकी पत्नी पल्लवी सिंह और उनके रिश्तेदार सौरव सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक सौरव सिंह सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर स्माइल गांव के निवासी बताए गए हैं। वहीं स्कॉर्पियो में सवार सिट्टू सिंह उर्फ कुमार गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
Read More : हर्ष फायरिंग केस में BJP MLA राजू कुमार सिंह दोषी, कोर्ट ने सुनाई 4 साल की सजा
घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने हादसे में शामिल स्कॉर्पियो और कंटेनर दोनों को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक और जख्मी सभी छपरा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read More : पटना में बनेगा देश का पहला इनडोर बॉटेनिकल गार्डन, सिंगापुर की तर्ज पर होगा विकसित




