रांची : रांची के कांके विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत हुई। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय सेठ ने कांके (पश्चिमी) पंचायत में 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन का शिलान्यास किया। इसके साथ ही राजकृत उच्च विद्यालय, बोरिया में सांसद निधि से निर्मित दो नए क्लासरूम का उद्घाटन भी किया।
Read More : सरकारी कार्य पूरे होने के 3 साल बाद भी भुगतान ना होने पर हाई कोर्ट नाराज
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कोल मैनेजमेंट (IICM) परिसर के पास पंचायत सचिवालय के बगल में बनने वाला स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगा। इससे लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इस अवसर पर संजय सेठ ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्कूल में बने दो नए क्लासरूम
राजकृत उच्च विद्यालय, बोरिया में सांसद निधि से 10 लाख रुपये की लागत से दो नए क्लासरूम का निर्माण कराया गया है। उद्घाटन के बाद उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि अर्जुन राम, कांके प्रखंड उप-प्रमुख अंजय बैठा, जिला परिषद सदस्या किरण देवी, भाजपा कांके मंडल अध्यक्ष प्रभात भूषण, भाजपा बोड़ेया मंडल अध्यक्ष सुकेश नारायण तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




