जमशेदपुर : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से DC राजीव रंजन के नेतृत्व में रैली निकाली गई। समाहरणालय परिसर से शुरू हुई रैली साकची गोलचक्कर तक पहुंची। जिला परिवहन कार्यालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात और सड़क पर सावधानी बरतने का संदेश दिया गया।
Read More : बेतला नेशनल पार्क के नाम पर बनेगा रेलवे स्टेशन, ROB का भी होगा निर्माण
हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने की अपील
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। रैली में दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की गई। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और गलत तरीके से ओवरटेक करने से बचने की सलाह दी गई। प्रशासन ने लोगों को शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने के बाद वाहन नहीं चलाने के प्रति भी जागरूक किया। वाहन चालकों से जल्दबाजी के बजाय संयम और सावधानी बरतने की अपील की गई।
DC राजीव रंजन ने क्या कहा?
DC राजीव रंजन ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक लोग स्वयं यातायात नियमों को अपनी आदत में शामिल नहीं करेंगे, तब तक सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
कई अधिकारी रहे मौजूद
झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान के जरिए जिला प्रशासन ने विकास और उत्सव के साथ नागरिकों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने का संदेश दिया। कार्यक्रम में एसडीओ अर्णव मिश्रा, ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार पाठक सहित जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।



