चक्रधरपुर : मां की तबीयत खराब होने पर गुरुवार शाम घर से निकले 50 वर्षीय रविन्द्र बोदरा का शव आज यानी शुक्रवार सुबह नदी में मिला। यह मामला पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के इंदकाटा गांव के पास का है। मृतक असंतलिया गांव के रहने वाले थे। नदी में शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।
Read More : SIR विवाद के बीच राष्ट्रपति मुर्मू से मिलेंगे विपक्षी नेता, रात 8 बजे बैठक
परिजनों के मुताबिक, रविन्द्र बोदरा की मां की तबीयत खराब थी। इसी सिलसिले में वह गुरुवार शाम घर से निकले थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजन उनकी तलाश और चिंता में जुट गए। इसी बीच शुक्रवार सुबह इंदकाटा गांव के पास नदी में स्थानीय लोगों ने एक शव तैरता देखा। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। बाद में मृतक की पहचान रविन्द्र बोदरा के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। फिलहाल रविन्द्र बोदरा की मौत कैसे हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। मामले की जांच हादसे समेत दूसरे संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद रविन्द्र बोदरा के परिजन और असंतलिया गांव के कई ग्रामीण अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और रविन्द्र की मौत की असली वजह पता लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि रविन्द्र बोदरा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।




