रांची: त्योहारों के सीजन से पहले रांची शहर को रोशन करने की तैयारी तेज हो गई है। रांची नगर निगम ने शहर के अंधेरे वाले इलाकों और डार्क स्पॉट को खत्म करने के लिए 5,300 नई LED स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना तैयार की है। इसके लिए नगर निगम की ओर से आधिकारिक टेंडर भी जारी कर दिया गया है।
नगर निगम की योजना के तहत शहर की तंग गलियों, अंधेरे वाले स्थानों और ऐसे इलाकों को चिह्नित कर वहां नई LED स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है।
टेंडर के माध्यम से योग्य कंपनियों का चयन किया जाएगा। चयनित कंपनी को अलग-अलग क्षमता की आधुनिक LED स्ट्रीट लाइटों की आपूर्ति के साथ उनके इंस्टॉलेशन की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
75, 90 और 120 वॉट की होंगी लाइटें
नगर निगम द्वारा जारी टेंडर के अनुसार शहर में 75 वॉट, 90 वॉट और 120 वॉट क्षमता की LED स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। जरूरत के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर इन लाइटों का इस्तेमाल किया जाएगा।
नई लाइटें रांची शहर में पहले से मौजूद स्ट्रीट लाइटों के नेटवर्क को और मजबूत करेंगी। इससे प्रमुख सड़कों के साथ-साथ गलियों और कम रोशनी वाले इलाकों में भी बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने की योजना है।
तीन साल तक रखरखाव की भी जिम्मेदारी
नई LED स्ट्रीट लाइटें लगाने के साथ ही नगर निगम ने उनके रखरखाव को लेकर भी व्यवस्था की है। टेंडर की शर्तों के मुताबिक चयनित कंपनी को तीन वर्षों तक नई लाइटों का व्यापक रखरखाव करना होगा। इसका उद्देश्य यह है कि लाइट लगाने के बाद खराब होने की स्थिति में उन्हें लंबे समय तक बंद न रखना पड़े और समय पर मरम्मत की जा सके।
60 हजार मौजूदा स्ट्रीट लाइटों का नेटवर्क
रांची शहर में पहले से करीब 60,000 स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं। 5,300 नई LED लाइटें जुड़ने के बाद शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और विस्तृत होगी। वहीं, मौजूदा स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त रखने और लोगों की शिकायतों का जल्द समाधान करने के लिए नगर निगम ने 53 वार्डों में 28 विशेष टीमों को तैनात किया है।
also read : झारखंड की धरती भाजपा की बपौती नहीं, यहां के जल-जंगल-जमीन पर झारखंडियों का हक : विनोद पांडेय
त्योहारी सीजन को देखते हुए नगर निगम का फोकस शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने पर है। नई LED लाइटें लगने के बाद उन इलाकों में भी रोशनी बढ़ने की उम्मीद है, जहां फिलहाल अंधेरा रहता है। नगर निगम की इस योजना का उद्देश्य शहर के प्रमुख हिस्सों के साथ-साथ तंग गलियों और अन्य डार्क स्पॉट को भी रोशन करना है, ताकि त्योहारों के दौरान शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।









