रांची : खेलो इंडिया अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट का समापन ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में हुआ। झारखंड वुशु एसोसिएशन के तत्वावधान और वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के निर्देश पर आयोजित इस प्रतियोगिता में रांची की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। रांची ने सब जूनियर, जूनियर और सीनियर तीनों वर्गों में पहला स्थान हासिल कर सभी ट्रॉफियों पर कब्जा जमाया।
Read More : धनबाद में MP ढुल्लू महतो की बेटी साक्षी की शादी में पहुंचे CM हेमंत सोरेन
समापन समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची की महापौर रोशनी खलखो और खेल निदेशक छवि रंजन ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति जगन्नाथ चोलाकलिंगम, डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य बिपिन राय और मनरखन ग्रुप के चेयरमैन मनरखन महतो सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
तीनों वर्गों में रांची का रहा दबदबा
प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में रांची ने 8 स्वर्ण, 7 रजत और 18 कांस्य पदकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। चतरा 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा। रामगढ़ ने 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में भी रांची ने बाजी मारी। टीम ने 7 स्वर्ण, 7 रजत और 10 कांस्य पदक जीते। चतरा 2 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि रामगढ़ ने 1 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में रांची ने 6 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। गुमला 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक के साथ दूसरे तथा कोल्हान 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
चार दिनों तक चला मुकाबला, 650 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
चार दिनों तक चली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 650 खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ियों ने ताउलु और सांदा स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पदक, मेडल, ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समापन समारोह में खेल के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। विपुल नायक के ग्रुप और लोक कल्याण केंद्र के कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में चंचल भट्टाचार्य, सुनील सूर्यात, उदय साहू, मिथिलेश साहू, संजय साहू, अमरेंद्र दत्त द्विवेदी, रत्नेश कुमार गुप्ता, दीपक गोप, शैलेन्द्र दुबे, अनिका सिंह, अमासी बारला, कुणाल साह, डॉ. अंशु साहू, केपी बालियान, विभूति भूषण अमर, विद्यासागर करकेट्टा और शिवेंद्र दुबे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
महिला खिलाड़ियों को मिल रहा बेहतर मंच
झारखंड वुशु एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जिला संघों, तकनीकी अधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। एसोसिएशन ने कहा कि अस्मिता योजना के माध्यम से राज्य की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सशक्त मंच मिल रहा है।



