नई दिल्ली: रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के आउटरीच कार्यक्रम ‘विश्व-2026’ (दृष्टि, नवाचार, समन्वय एवं मूल्य) का उद्घाटन किया। इस वर्ष के आयोजन की मुख्य विषयवस्तु ‘रक्षा क्षमताओं का प्रदर्शन, वैश्विक साझेदारियों को सुदृढ़ करना’ रखी गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को दोहराया। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी आह्वान “हम यह करके दिखाएंगे!” के प्रति अपना दृढ़ विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर, सशक्त और सामर्थ्यवान भारत के निर्माण का हमारा संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।
also read : झारखंड हाईकोर्ट से HEC को झटका, 583 दिनों की देरी से दायर अपील खारिज
श्री सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के मंत्र के साथ देश रक्षा उत्पादन, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहा है। आज भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीकें वैश्विक मंच पर देश की प्रतिभा, सामर्थ्य और तकनीकी दक्षता का परिचय दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल रक्षा उपकरणों का स्वदेश में निर्माण करना नहीं, बल्कि अत्याधुनिक रक्षा तकनीकों के अनुसंधान, विकास, उत्पादन और निर्यात के क्षेत्र में भारत को अग्रणी वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित करना है। साथ ही, मित्र राष्ट्रों के साथ रक्षा सहयोग को और मजबूत करते हुए भारत को एक भरोसेमंद एवं विश्वसनीय रक्षा साझेदार बनाना भी हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि ‘विश्व-2026’ जैसा आयोजन भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने, मित्र देशों के साथ रणनीतिक एवं तकनीकी सहयोग बढ़ाने तथा रक्षा क्षेत्र में नए अवसरों के सृजन का महत्वपूर्ण मंच है।
कार्यक्रम में 35 से अधिक मित्र राष्ट्रों के रक्षा प्रतिनिधियों, राजनयिकों तथा भारतीय रक्षा प्रौद्योगिकी एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर डीआरडीओ द्वारा विकसित निर्यात योग्य रक्षा उत्पादों एवं प्रणालियों की विवरणिका का फ्रेंच, स्पेनिश और अरबी भाषाओं में विमोचन भी किया गया। यह पहल भारतीय रक्षा उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने और वैश्विक साझेदारी को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में ये रहे शामिल
रक्षा सचिव एवं रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव तथा डीआरडीओ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, विदेश सचिव विक्रम मिस्री, रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार, अल्जीरिया के राजदूत महामहिम डॉ. अब्देनोर खेलिफी, वायुसेना प्रमुख (नामित) आशुतोष दीक्षित, लेफ्टिनेंट जनरल वी. हरिहरन, रक्षा खुफिया एजेंसी के महानिदेशक, डीआरडीओ की महानिदेशक (पीसी एवं एसआई) डॉ. चंद्रिका कौशिक सहित विभिन्न मित्र राष्ट्रों के रक्षा प्रतिनिधि एवं सलाहकार, डीआरडीओ के महानिदेशक एवं निदेशक, सशस्त्र सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक तथा रक्षा उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संजय सेठ ने कहा कि आत्मनिर्भर रक्षा, सशक्त भारत और वैश्विक नेतृत्व के संकल्प के साथ भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।



