रांची : झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 13 और 14 जुलाई को राज्य के विभिन्न जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही 17 जुलाई तक पूरे राज्य में मेघगर्जन, वज्रपात और वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Read More : एशियन गेम्स 2026 : भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की 4 बेटियां, सलीमा टेटे कप्तान
13 और 14 जुलाई को भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 13 जुलाई को उत्तर-पूर्वी, उससे सटे मध्यवर्ती और दक्षिण-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। वहीं, 14 जुलाई को उत्तर-पश्चिमी और मध्यवर्ती जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
Read More : हिमांशु सिंह हत्याकांड में नामजद राहुल दुबे ने किया आत्मसमर्पण, पुलिस पूछताछ शुरू
17 जुलाई तक येलो अलर्ट
विभाग के मुताबिक, 17 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। लगातार वर्षा के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने की भी आशंका है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 75.5 मिलीमीटर वर्षा चतरा जिले के हंटरगंज में दर्ज की गई। इसी अवधि में सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस बोकारो और सबसे कम 22 डिग्री सेल्सियस रांची के नामकुम में रिकॉर्ड किया गया।
शुक्रवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे और दोपहर बाद हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रांची का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज का अधिकतम 32.6 डिग्री और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस, बोकारो का अधिकतम 33.5 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस तथा चाईबासा का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Read More : 99 हजार करोड़ का निवेश झारखंड की नई औद्योगिक क्रांति का शंखनाद : केशव महतो कमलेश
मौसम विभाग ने विशेष रूप से किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि गर्जन और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में शरण लेने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।




