धनबाद : धनबाद पुलिस ने शुक्रवार देर रात जिले में व्यापक एंटी क्राइम अभियान चलाया। इस दौरान शहर के कई बीयर बारों में औचक छापेमारी की गई, जबकि जिलेभर में 1447 वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और उनकी पहचान का सत्यापन भी किया गया।
Read More : लैंड स्कैम मामला, नेक्सजेन महिंद्रा के मालिक विनय कुमार सिंह ने जब्त आईफोन लौटाने की मांग की
पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों में डर पैदा करना और संभावित आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है। शहर में डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोय के नेतृत्व में बीयर बारों की जांच की गई।
बीयर बारों में दस्तावेज और सुरक्षा व्यवस्था की जांच
छापेमारी के दौरान कुकून, डी-थ्री, यार्क और लक्सस समेत कई बीयर बारों का निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने बार संचालकों के लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेज और संचालन से जुड़े नियमों की जांच की। संचालकों को निर्देश दिया गया कि बार में आने वाले प्रत्येक ग्राहक का नाम, मोबाइल नंबर, प्रवेश और निकास का समय अनिवार्य रूप से रजिस्टर में दर्ज किया जाए। साथ ही बिना पहचान सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं देने और नाबालिगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया।

Read More : मेडिकल कॉलेज निर्माण की तैयारी तेज : धनबाद सदर अस्पताल की 20 एकड़ से हटेगा अतिक्रमण,सीओ ने किया निरीक्षण
पुलिस ने बार परिसर में सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रूप से चालू रखने, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने के भी निर्देश दिए। अभियान के दौरान बार में मौजूद ग्राहकों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया गया तथा संदिग्ध लोगों से आवश्यक जानकारी ली गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी बार में नियमों का उल्लंघन, अवैध गतिविधियां, नाबालिगों की मौजूदगी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाई गई तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
1447 वाहनों की जांच, संदिग्धों का सत्यापन
एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत जिलेभर में कुल 1447 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान वाहनों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर चालान भी काटे गए। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेकर उनकी पहचान की भी पुष्टि की। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जांच अभियान के दौरान सहयोग करें और वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के एंटी क्राइम अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।




