रांची। बिरसा मुंडा विमानपत्तन, रांची से यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक ‘यात्री सेवा अभियान 2026’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत यात्रियों को सफाई, सुरक्षा, सुगम यात्रा और विनम्र व्यवहार के साथ सुविधाजनक अनुभव देने पर जोर रहेगा। एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। अभियान का संदेश है, ‘सेवा और संकल्प, मुस्कान के साथ सेवा।
also read:JPSC और JSSC CGL परीक्षा धांधली मामले में CID की कार्रवाई, 4 गिरफ्तार
यात्रियों के सामान की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सामान पट्टियों, ट्रालियों और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था देखी जाएगी। पेयजल केंद्रों, जलशुद्धिकरण संयंत्रों और जल एटीएम की जांच होगी। डिजीयात्रा, निःशुल्क वाई-फाई, मोबाइल चार्जिंग और डिजिटल सहायता को बढ़ावा दिया जाएगा।
also read : फैटी लिवर की समय पर पहचान, रोकथाम और उपचार के लिए विकसित होगा ‘रांची मॉडल’ : संजय सेठ
27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर झारखंड की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और पर्यटन को प्रदर्शित किया जाएगा। दो अक्टूबर को विशेष स्वच्छता अभियान चलेगा। पांच अक्टूबर को चिकित्सकीय और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा होगी, जबकि छह अक्टूबर को कर्मचारियों को विनम्र व्यवहार और संवेदनशील संवाद का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
29 सितंबर को यात्रियों की शिकायतों और सुझावों के समाधान पर विशेष ध्यान रहेगा। एयरसेवा, शिकायत पोर्टल और प्रतिक्रिया क्यूआर कोड के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों की समीक्षा की जाएगी।
नौ अक्टूबर को सभी सुविधाओं की व्यापक जांच और 10 अक्टूबर को अभियान का समापन होगा। एयरपोर्ट प्रबंधन का उद्देश्य अभियान के दौरान किए गए सुधारों को आगे भी जारी रखना है, ताकि यात्रियों को नियमित रूप से बेहतर सेवा मिल सके।



