कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। हेट स्पीच और महिलाओं के कथित अपमान से जुड़े एक मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की वरिष्ठ नेता व सांसद महुआ मोइत्रा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नदिया जिले की कृष्णानगर अदालत ने बार-बार समन जारी किए जाने के बावजूद कोर्ट में पेश न होने और आदेशों की अनदेखी करने के चलते टीएमसी सांसद के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट (Arrest Warrant) जारी किया है।
Read More : पाथरडीह कोल वाशरी में वेल्डिंग मशीन फटी, तीन मजदूर घायल
28 अगस्त तक रिपोर्ट पेश करने के निर्देश
न्यूज एजेंसी पीटीआई (PTI) के अनुसार, नदिया जिले की अदालत ने बुधवार को यह सख्त आदेश जारी किया। कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि महुआ मोइत्रा के खिलाफ जारी इस गिरफ्तारी वारंट पर की गई तामील (अमल) की विस्तृत रिपोर्ट 28 अगस्त तक अदालत के समक्ष प्रस्तुत की जाए।
क्या है पूरा मामला?
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर हेट स्पीच देने और महिलाओं के अपमान से संबंधित गंभीर आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत ने उन्हें उपस्थित होने के लिए समन भेजा था। हालांकि, तय निर्देशों का पालन न करने और कोर्ट में अनुपस्थित रहने के कारण अदालत ने यह कड़ा रुख अपनाया है। वारंट जारी होने के बाद से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।




