बोकारो : झारखंड के बोकारो स्थित सेक्टर-4 के मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में बुधवार को एनटीपीसी (NTPC) नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी टूर्नामेंट 2026 का भव्य आगाज हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। इस टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 900 तीरंदाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
Read More : राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद रांची पहुंचे प्रदीप कुमार वर्मा, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
झारखंड है ‘लैंड ऑफ आर्चरी’ : राज्यपाल
उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड को ‘लैंड ऑफ आर्चरी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में तीरंदाजी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि स्थानीय खिलाड़ियों को उचित मंच और सुविधाएं दी जाएं, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
दीपिका कुमारी और रजत चौहान जैसे दिग्गज पहुंचे बोकारो
बोकारो जिला तीरंदाजी संघ की सचिव एंजेला सिंह ने बताया कि बोकारो में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। टूर्नामेंट में विश्व चैंपियन रजत चौहान, दीपिका कुमारी जैसे शीर्ष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के अलावा अर्जुन पुरस्कार विजेता राहुल बनर्जी सहित 15 से 20 अर्जुन अवार्डी और पद्मश्री सम्मानित खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं।
2028 ओलंपिक पदक जीतना है मुख्य लक्ष्य : रजत चौहान
2014 एशियन गेम्स के स्वर्ण और 2018 के रजत पदक विजेता रजत चौहान ने बताया कि तीरंदाजी के बल पर ही वे राजस्थान पुलिस में डीएसपी के पद पर पहुंचे हैं। उन्होंने युवाओं को एकाग्रता के साथ मेहनत करने की सलाह दी। रजत चौहान ने कहा कि व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत को पहला स्वर्ण दिलाने के बाद अब उनका अगला मुख्य लक्ष्य 2028 ओलंपिक में देश के लिए पदक हासिल करना है।
आयोजन में जुटा तीरंदाजी संघ
बारिश के कारण बुधवार को मुकाबले थोड़े विलंब से शुरू हुए, लेकिन खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर रहा। प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड तीरंदाजी संघ और बोकारो जिला तीरंदाजी संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. लम्बोदर महतो, द्रोणाचार्य अवार्डी पूर्णिमा महतो और एंजेला सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मुस्तैदी से जुटे हैं।








