रांची में अतिक्रमण पर नगर निगम का एक्शन, 15 अस्थायी संरचनाएं हटाईं

रांची नगर निगम ने शैक्षणिक संस्थानों समेत कई इलाकों में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया और सार्वजनिक मार्गों व सरकारी भूमि को मुक्त कराया।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: शहर में अतिक्रमण के खिलाफ रांची नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को निगम की इंफोर्समेंट टीम ने रांची वूमेंस कॉलेज, साइंस ब्लॉक मार्ग, परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक और वार्ड संख्या-06 के बांधगाड़ी क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

निगम के अनुसार, शहर के मार्गों, फुटपाथों, सरकारी भूमि और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास किए गए अतिक्रमण से आम लोगों के आवागमन के साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। खासकर शैक्षणिक संस्थानों के आसपास अतिक्रमण होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रांची वूमेंस कॉलेज के पास 15 अस्थायी संरचनाएं हटाईं

रांची वूमेंस कॉलेज और साइंस ब्लॉक मार्ग पर चलाए गए अभियान के दौरान कुल 15 अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान चार काउंटर, दो टीन की दुकानें और अन्य सामग्री जब्त की गई।

अतिक्रमण हटाए जाने के बाद संबंधित मार्ग पर आवागमन पहले की तुलना में सुगम हुआ। निगम का दावा है कि कार्रवाई से अनावश्यक जाम और भीड़ की स्थिति में भी कमी आई है।

शास्त्री मार्केट में दो बड़े काउंटर ध्वस्त

अभियान के तहत परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक के समीप शास्त्री मार्केट में भी कार्रवाई की गई। यहां दुकानों के सामने सड़क और सार्वजनिक स्थान पर बनाए गए दो बड़े काउंटरों को ध्वस्त कर जब्त किया गया।

वहीं, वार्ड संख्या-06 के बांधगाड़ी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर चिन्हित दो स्थायी दुकानों को हटाया गया। इसके अलावा एक मकान के छज्जे को भी हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील

रांची नगर निगम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शहर के सार्वजनिक स्थानों, फुटपाथों और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखना है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित आवागमन की सुविधा मिल सके।

निगम ने नागरिकों और व्यवसायियों से अपील की है कि सार्वजनिक मार्ग, फुटपाथ और सरकारी भूमि पर किसी तरह का अतिक्रमण न करें। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने में निगम का सहयोग करने की अपील की गई है।

निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अतिक्रमण और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *