रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जून 2026 के खुदरा महंगाई के आंकड़े बताते हैं कि आम लोगों की रसोई से लेकर शिक्षा और दैनिक उपयोग की वस्तुओं तक की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आलोक कुमार दूबे ने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है और इसका सीधा असर आम जनता के घरेलू बजट पर पड़ रहा है।
read more : उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर, सीएम हेमंत सोरेन ने दिए कई अहम निर्देश
महंगाई के आंकड़ों का दिया हवाला
कांग्रेस नेता ने कहा कि जून 2026 में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.38 प्रतिशत हो गई। उनके अनुसार, खाद्य महंगाई 4.78 प्रतिशत से बढ़कर 5.32 प्रतिशत, फूड एंड बेवरेज महंगाई 4.55 प्रतिशत से बढ़कर 5.05 प्रतिशत, कपड़ा एवं जूता महंगाई 2.98 प्रतिशत से बढ़कर 3.23 प्रतिशत, शिक्षा सेवाओं की महंगाई 2.99 प्रतिशत से बढ़कर 3.34 प्रतिशत, हाउसिंग एवं यूटिलिटीज महंगाई 1.73 प्रतिशत से बढ़कर 1.99 प्रतिशत, फर्निशिंग एवं घरेलू सामान की महंगाई 1.89 प्रतिशत से बढ़कर 2.19 प्रतिशत तथा कोर महंगाई 3.8 प्रतिशत से बढ़कर 4.1 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि इन बढ़ते आंकड़ों का सबसे अधिक प्रभाव गरीब, मध्यम वर्ग, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, महिलाओं और युवाओं पर पड़ रहा है।
आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण की मांग
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण के बजाय प्रचार-प्रसार में अधिक ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दों पर लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी। साथ ही केंद्र सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
read more : नगड़ी में दिनदहाड़े ज्वेलर्स से लाखों के आभूषण चोरी, स्वर्ण व्यवसायियों में आक्रोश




