रांची : DC मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में सोमवार को आम लोगों की विभिन्न शिकायतों की सुनवाई की गई। इस दौरान DC ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई के आदेश भी जारी किए।
Read More : उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर, सीएम हेमंत सोरेन ने दिए कई अहम निर्देश
जनता दरबार का भावुक क्षण तब देखने को मिला जब दोनों पैरों से दिव्यांग दीपक कुमार महतो हाथों के सहारे समाहरणालय पहुंचे। DC ने उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई। दीपक कुमार महतो ट्राईसाइकिल चलाकर समाहरणालय से वापस लौटे। इस अवसर पर उन्होंने और उनकी पत्नी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। DC ने स्वयं उन्हें ट्राईसाइकिल पर बैठाकर विदा किया।
गर्भवती महिला के इलाज और राजस्व मामलों पर त्वरित कार्रवाई
जनता दरबार में बूटी मोड़ निवासी एक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती पत्नी के हृदय रोग के इलाज और सुरक्षित प्रसव के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए DC ने तत्काल सिविल सर्जन से दूरभाष पर बात कर समुचित इलाज और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्व मामलों में लापरवाही पर DC ने रातू अंचल के चार मामलों में अंचल अधिकारी रवि कुमार को कारण बताओ नोटिस (शोकॉज) जारी करने तथा एक मामले में प्रपत्र-क गठित करने का निर्देश दिया। शिकायतों में परिशोधन ऐप पर स्वीकृति मिलने के बावजूद पंजी-2 में सुधार नहीं करना, ऑनलाइन लगान रसीद जारी नहीं करना और लंबे समय से ऑनलाइन रसीद निर्गत नहीं करने जैसे मामले शामिल थे। इसी प्रकार, बिना उचित कारण म्यूटेशन आवेदन अस्वीकृत किए जाने के मामले में अनगड़ा अंचल अधिकारी के विरुद्ध भी शोकॉज जारी करने और प्रपत्र-क गठित करने का निर्देश दिया गया।
भूमि विवाद, अतिक्रमण और आंगनबाड़ी चयन की होगी जांच
महेशपुर मौजा में कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सीएनटी अधिनियम का उल्लंघन कर भूमि निबंधन करने की शिकायत पर DC ने डीसीएलआर और अंचल अधिकारी, अनगड़ा को विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मोरहाबादी क्षेत्र की सरकारी गैरमजरुआ भूमि पर अतिक्रमण, निजी पार्किंग और व्यावसायिक उपयोग की शिकायत पर अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) और नगर निगम के अधिकारियों को संयुक्त जांच के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सिल्ली प्रखंड में आंगनबाड़ी सेविका चयन प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जनता दरबार के अंत में DC मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




