रांची : राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित नारो बाजार टांड़ में रविवार सुबह दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की घटना सामने आई है। अज्ञात अपराधी बाइक की डिक्की तोड़कर आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के स्वर्ण व्यवसायियों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
Read More : उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर, सीएम हेमंत सोरेन ने दिए कई अहम निर्देश
मिली जानकारी के अनुसार राधे कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक अमित कुमार सोनी रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे थे। वह अपनी बाइक की डिक्की में दुकान के लिए सोने-चांदी के आभूषण लेकर आए थे। जैसे ही उन्होंने दुकान का ताला खोलना शुरू किया, पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंचे और कुछ ही सेकंड में बाइक की डिक्की तोड़कर आभूषणों से भरा बैग लेकर पिस्का रेलवे फाटक की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।

स्वर्णकार समाज ने उठाई सुरक्षा की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन (रजि.) झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित व्यवसायी से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और इसके बाद नगड़ी थाना प्रभारी से मिलकर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गए आभूषणों की बरामदगी तथा स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
Read More : झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता, तीन जिलों का टॉप नक्सली रविंद्र गंझू गिरफ्तार
प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी ने कहा कि राज्य में स्वर्ण व्यवसायियों के खिलाफ चोरी, लूट और डकैती की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में रांची महानगर महामंत्री त्रिभुवन प्रसाद, प्रदेश महामंत्री मनोज सोनी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश प्रसाद सोनी, पुरुषोत्तम सोनी, बबलू सोनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय स्वर्ण व्यवसायी मौजूद रहे।




