धनबाद : पीएम नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज यानी बुधवार को धनबाद में बीजेपी की ओर से सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जलती मशाल की चिंगारी बाघमारा के विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट पर जा गिरी और कपड़े में आग लग गई। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और आसपास के लोगों ने फौरन आग बुझाई। गनीमत रही कि आग ज्यादा नहीं फैली और विधायक शत्रुघ्न महतो बाल-बाल बच गए।
Read More : विराट कोहली के प्रवक्ता ने फलाहारी महाराज के दावे को बताया गलत
मशाल से निकली चिंगारी, शर्ट में पकड़ ली आग
मिली जानकारी के अनुसार यात्रा में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर चल रहे थे। इसी दौरान एक मशाल से तेल या जलती चिंगारी छिटककर विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट पर जा गिरी। चिंगारी गिरते ही शर्ट में आग पकड़ ली। विधायक के पास ही धनबाद सांसद ढुलू महतो और बीजेपी के दूसरे नेता भी मौजूद थे। कपड़े में आग लगते ही वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। साथ चल रहे लोगों ने बिना देर किए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। कुछ लोगों ने शर्ट खींचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग ज्यादा नहीं फैली। विधायक को हल्की खरोंच आई है, इसके अलावा उन्हें ज्यादा चोट नहीं लगी है।
मंच के पास ही हुआ पूरा घटनाक्रम
घटना के दौरान मंच पर ‘25 साल सेवा ही राष्ट्रसेवा’ का बैनर लगा था। पीछे बीजेपी का चुनाव चिन्ह भी नजर आ रहा था। माइक और मीडिया के सामने ही यह पूरा घटनाक्रम हुआ। सेवा ज्योति यात्रा में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इसी दौरान नेता और कार्यकर्ता हाथों में जलती मशाल लेकर आगे बढ़ रहे थे। घटना के बाद मशाल जुलूस की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि मशाल में ज्यादा तेल होने और हवा चलने की वजह से आग की चिंगारी छिटकने की आशंका थी। हालांकि, बीजेपी नेताओं ने इसे छोटी घटना बताया और इसके बाद यात्रा जारी रखी। फिलहाल विधायक शत्रुघ्न महतो सुरक्षित हैं।





