कोडरमा : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की सीजीएल समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई धांधली और पेपर लीक मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई की है। CID की टीम ने गुरुवार देर रात कोडरमा जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए युवकों की पहचान राजेश यादव और संदीप कुमार के रूप में हुई है, जिन्हें पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया है।
Read More : गिरिडीह पहुंचीं DGP तदाशा मिश्रा, सुदिव्य सोनू के आवास पर दी श्रद्धांजलि
डोमचांच और बरसोतियाबार से हिरासत में लिए गए दो युवक
मिली जानकारी के अनुसार CID की टीम गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात कोडरमा पहुंची। टीम ने पहली कार्रवाई डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में की, जहां से राजेश यादव और संदीप कुमार नाम के युवकों को उठाया गया। इसके बाद CID ने कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के बरसोतियाबार में भी छापेमारी की। दोनों को हिरासत में लेने के बाद सीआईडी की टीम आगे की पूछताछ के लिए उन्हें अपने साथ रांची स्थित सीआईडी दफ्तर ले गई।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा धांधली मामले में पूर्व में पकड़े गए मुख्य आरोपियों और बिचौलियों से पूछताछ के दौरान कोडरमा के इन युवकों के नाम सामने आए थे। रिमांड और पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि ये दोनों युवक परीक्षा सिंडिकेट और धांधली में शामिल लोगों के लगातार संपर्क में थे। हालांकि, CID या स्थानीय पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि परीक्षा धांधली में इनकी क्या भूमिका थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या वे प्रश्नपत्र की खरीद-बिक्री, परीक्षार्थियों की सेटिंग या आर्थिक लेन-देन में शामिल थे।
बिचौलियों और कोचिंग संचालकों में मचा हड़कंप
जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा धांधली के तार कोडरमा से जुड़ने और CID की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद जिले के कोचिंग संचालकों, बिचौलियों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि दोनों से पूछताछ के बाद इस रैकेट से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं और नई गिरफ्तारियां हो सकती हैं।






