रांची : राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC और JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। गुरुवार को हुई भारी बारिश भी आंदोलनरत छात्रों के हौसले को नहीं डिगा सकी। छात्र तिरपाल और अस्थायी शेड के नीचे डटे रहे तथा अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से सत्याग्रह जारी रखा। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि वे 14वीं JPSC संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा को रद्द करने, भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं।
Read More : रांची में आजसू का लोकभवन मार्च, JPSC-JSSC मामले की CBI जांच की मांग
सीता सोरेन ने प्रशासन से सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया
पूर्व विधायक सीता सोरेन ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए रांची जिला प्रशासन से आंदोलन स्थल पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्र राज्य के ही बच्चे और भविष्य के अधिकारी हैं। बारिश के बीच सत्याग्रह कर रहे अभ्यर्थियों के लिए मानवीय आधार पर टेंट, स्वच्छ पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था की जानी चाहिए। सीता सोरेन ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि खराब मौसम के बीच आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बारिश के बीच तिरपाल के नीचे डटे रहे छात्र
आंदोलन स्थल से सामने आए वीडियो में छात्र लगातार बारिश के बीच तिरपाल के नीचे खड़े दिखाई दे रहे हैं। बारिश के बावजूद किसी भी छात्र ने आंदोलन स्थल नहीं छोड़ा। छात्रों का कहना है कि वे अपने भविष्य और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलनकारी छात्रों ने 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने, JPSC और JSSC की भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्रों की मांग है कि भविष्य में होने वाली भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, ताकि अभ्यर्थियों का परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रिया पर भरोसा बना रहे।
29 जुलाई से जारी है अभ्यर्थियों का आंदोलन
JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन 29 जुलाई से लगातार जारी है। आंदोलन के दौरान छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक संविधान मार्च भी निकाला था। अब छात्र सत्याग्रह के माध्यम से सरकार से अपनी मांगों पर निर्णय लेने की अपील कर रहे हैं। आंदोलनरत अभ्यर्थियों का कहना है कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।



