नई दिल्ली : गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी के साथ बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी से मुलाकात कर भुरकुंडा केंद्रीय विद्यालय के स्थायी परिसर निर्माण के लिए चिह्नित करीब 5 एकड़ भूमि का जल्द हस्तांतरण कराने का आग्रह किया। विधायक ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि केंद्रीय विद्यालय का स्थायी भवन लंबे समय से लंबित है। इसके कारण छात्र-छात्राओं को फिलहाल अस्थायी भवन में पढ़ाई करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के लिए आवश्यक भूमि सीसीएल के अधीन होने के कारण हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है और स्थायी परिसर का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है।
Read More : हेमंत सोरेन ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, झारखंड की छात्रवृत्ति राशि बढ़ाने की मांग
भूमि हस्तांतरण में हो रही देरी का उठाया मुद्दा
रोशन लाल चौधरी ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि भूमि हस्तांतरण को लेकर कई बार कोल इंडिया के पदाधिकारियों से आग्रह किया गया, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने भुरकुंडा केंद्रीय विद्यालय के स्थायी परिसर के लिए पहले से चिह्नित भूमि का जल्द हस्तांतरण कराने की मांग की, ताकि भवन निर्माण का कार्य शुरू हो सके।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने इस विषय को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह एक नेक कार्य है और इसमें हरसंभव सहयोग किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी हो सके और केंद्रीय विद्यालय के स्थायी परिसर का निर्माण शुरू किया जा सके।
हजारों विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
केंद्रीय मंत्री के आश्वासन पर विधायक रोशन लाल चौधरी ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय का स्थायी भवन बनने से पतरातु, रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्थायी परिसर के निर्माण से क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई गति मिलेगी और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार होगा।




