झामुमो महासचिव ने कहा कि 48 घंटे का अल्टीमेटम देना भाजपा की हताशा और राजनीतिक अहंकार का परिचायक
झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा के 48 घंटे के अल्टीमेटम और चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के नाम पर राजनीतिक नौटंकी कर रही है और युवाओं के आक्रोश को अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल कर रही है।
महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा को पहले अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। केंद्र और झारखंड में वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद युवाओं के लिए रोजगार के कितने अवसर पैदा किए, इसका जवाब भाजपा दे। झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहाने से भाजपा की असलियत नहीं छिपेगी।
उन्होंने कहा कि छात्रों पर दर्ज मुकदमों को भाजपा नेता फर्जी बता रहे हैं। यदि मुकदमे फर्जी हैं तो भाजपा तथ्य और प्रमाण सामने रखे। कानून तोड़ने वालों को राजनीतिक संरक्षण देने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भाजपा आंदोलन के नाम पर सरकारी व्यवस्था को चुनौती देने की राजनीति कर रही है।
झामुमो महासचिव ने कहा कि 48 घंटे का अल्टीमेटम देना भाजपा की हताशा और राजनीतिक अहंकार का परिचायक है। झारखंड सरकार भाजपा के अल्टीमेटम से नहीं चलती। भाजपा को लगता है कि धमकी और दबाव की राजनीति से सरकार को झुकाया जा सकता है, तो यह उसकी बड़ी भूल है।
‘नौकरी बेचने’ के भाजपा के आरोप पर उन्होंने कहा कि भाजपा के पास यदि कोई प्रमाण है तो सामने लाए, अन्यथा झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाकर जनता को गुमराह करना बंद करे। बिना प्रमाण आरोप लगाना भाजपा की पुरानी राजनीतिक आदत रही है।
मुख्य सचिव से इंडिया गठबंधन के नेताओं की मुलाकात पर भाजपा की टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव से मिलने पर भाजपा को तकलीफ इसलिए हो रही है, क्योंकि उसे हर राजनीतिक गतिविधि में अपना राजनीतिक संकट दिखाई देता है। मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं होने की भाजपा की बात पूरी तरह हास्यास्पद है।
विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रही है। झारखंड के युवा भाजपा की इस राजनीति को समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितने अल्टीमेटम दे और जितने प्रदर्शन कर ले, सरकार को धमकी देकर राजनीतिक दबाव में लेने का उसका मंसूबा पूरा नहीं होगा।



