रांची। कृष्णा नगर कॉलोनी, रातू रोड स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। पूरा मंदिर परिसर भक्ति और कृष्णमय वातावरण से सराबोर रहा।
महोत्सव के तहत प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पंडित ज्ञानदेव मिश्र के नेतृत्व में विद्वान पंडितों द्वारा संस्कृत में श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ किया गया। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से शाम 6 बजे तक श्री हरि गीता जी का सामूहिक पाठ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रात्रि 9 बजे से श्री दुर्गा जागरण मंडली द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया। केसर पपनेजा, पवन मनुजा, श्रीमती ज्योति अरोड़ा एवं उत्तर प्रदेश के मऊ से आए सुप्रसिद्ध भजन गायक शुभम प्रताप सिंह ने “राधे-राधे बोल जरा”, “मेरी विनती यही महारानी”, “तेरी गलियों में आने-जाने से” सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर श्रीकृष्ण दरबार का विशेष श्रृंगार किया गया तथा पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर प्रस्तुत की गई अलौकिक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। वहीं बाल गोपाल एवं राधारानी का स्वरूप धारण किए बच्चों ने पूरे मंदिर परिसर को कृष्णमय बना दिया।
कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक सी.पी. सिंह, मेयर रोशनी खलको, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, रमेश सिंह, पार्षद सोनी देवी अशोक यादव एवं कुणाल अजमानीसहित कई गणमान्य लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद लिया।
रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय शंखनाद, ढोल-नगाड़ों एवं जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का स्वागत किया। इसके बाद आरती, अरदास एवं प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी अरुण जसूजा ने दी। समाचार लिखे जाने तक कार्यक्रम जारी था।



