रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 2 जुलाई को राज्य के पांच जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
Read More : जमशेदपुर हत्याकांड में दोषी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों पर दर्ज हो हत्या का मुकदमा : आदित्य साहू
मौसम विभाग के अनुसार, जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। इन इलाकों में भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
5 और 6 जुलाई को भी भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बताया कि 5 और 6 जुलाई को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से नहीं जाने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 84.8 मिलीमीटर बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रहा।
रांची समेत कई शहरों में बदला मौसम
बुधवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद हल्की बारिश हुई, लेकिन इसके बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से अधिक राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 36.6 डिग्री और 24.2 डिग्री, बोकारो में 34.1 डिग्री और 24.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 29.8 डिग्री और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Read More : कस्तूरबा आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका वाले क्षेत्रों के लोगों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट और प्रशासन की सलाह का पालन करने की जरूरत है।




