रांची : झारखंड हाई कोर्ट को आज यानी बुधवार को तीन नए न्यायाधीश मिले। मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा ने मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक के समक्ष पद और गोपनीयता की शपथ ली। तीनों की नियुक्ति के बाद हाई कोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 13 से बढ़कर 16 हो गई है। शपथ ग्रहण समारोह तय समय के अनुसार सुबह 10.15 बजे हाई कोर्ट परिसर में हुआ। मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों को बारी-बारी से शपथ दिलाई। समारोह में नवनियुक्त न्यायाधीशों के परिवार के सदस्य और रिश्तेदार मौजूद रहे। हाई कोर्ट के न्यायाधीश, अधिवक्ता और न्यायिक पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Read More : दिल्ली के लाल किले पर महाराजा अग्रसेन जयंती, तैयारियां तेज
तीनों जज अलग-अलग जिलों में थे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश
शपथ लेने से पहले मनोज प्रसाद गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे। अखिल कुमार साहिबगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश थे, जबकि राम शर्मा पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर सेवाएं दे रहे थे।
19 सितंबर को जारी हुई थी नियुक्ति की अधिसूचना
तीनों न्यायाधीशों की नियुक्ति को लेकर 19 सितंबर को केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई थी। यह नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की सलाह पर राष्ट्रपति की सहमति के बाद हुई। तीनों के न्यायाधीश पद की शपथ लेने के बाद झारखंड हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। तीन नए न्यायाधीशों के योगदान से हाई कोर्ट में लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आने की उम्मीद है।




