पलामू : झारखंड के पलामू में करमा पूजा की सामग्री विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव में बुधवार सुबह कोयल नदी में उतरे पांच किशोर डूब गए। हादसे में चार की मौत हो गई, जबकि एक किशोर की तलाश जारी है। करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने के लिए पांचों लड़के सुबह कोयल नदी में उतरे थे। इसी दौरान वे तेज धारा की चपेट में आ गए और नदी में डूबने लगे।
Read More : झारखंड हाई कोर्ट को मिले 3 नए जज, मुख्य न्यायाधीश ने दिलाई शपथ
ग्रामीणों ने शुरू की तलाश
लड़कों को नदी में डूबते देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और नदी में उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों की मदद से चार लड़कों के शव बरामद कर लिए गए हैं। चारों शवों को अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि लापता किशोर की तलाश जारी है।
मृतकों और लापता किशोर की पहचान
मृतकों की पहचान नितेश कुमार (16), पिता बाबूलाल सिंह, विशाल कुमार सिंह (15), पिता तिलकधारी पासवान, अमित कुमार ठाकुर (20), पिता पुजारी ठाकुर और राजा सिंह (10), पिता संजय सिंह के रूप में हुई है। लापता किशोर की पहचान हेमंत सिंह (10), पिता सुनील सिंह के रूप में हुई है। सभी लड़के ग्राम पतरिया खुर्द के रहने वाले बताए गए हैं और चारों मृतक एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे।
पुलिस ने क्या बताया?
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि घटना में चार लड़कों की मौत हुई है, जबकि एक लड़का लापता है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। स्थानीय ग्रामीण ब्रह्मदेव चौधरी ने बताया कि सभी लड़के करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने नदी में गए थे। उनके मुताबिक, घटना वाले इलाके में कोयल नदी की तेज धारा गुजरती है और सभी लड़के इसकी चपेट में आ गए।




