टोक्यो, जापान : सीरिया को लेकर इजरायल और तुर्किये के बीच तनाव बढ़ता दिख रहा है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगान पर सीरिया में खतरनाक कदम उठाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि इजरायल अपनी सुरक्षा के लिए किसी भी संभावित खतरे को बर्दाश्त नहीं करेगा। काट्ज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि एर्दोगान तुर्किये को सीरिया में खतरनाक दिशा में ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इजरायल किसी भी ऐसी ताकत या संगठन को अपनी सुरक्षा के लिए खतरा बनने की अनुमति नहीं देगा।
एर्दोगान को लेकर काट्ज का सख्त बयान
इजरायली रक्षा मंत्री ने कहा कि एर्दोगान को इजरायल के खिलाफ अपनी बयानबाजी तुर्किये की संसद तक सीमित रखनी चाहिए और इजरायल को चुनौती देने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इससे पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी लिकुड पार्टी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए वीडियो में सीरिया में तुर्किये की सैन्य गतिविधियों को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया था। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल सीरिया में तुर्किये की ऐसी सैन्य बढ़ोतरी को स्वीकार नहीं करेगा, जिससे इजरायल की सुरक्षा को खतरा पैदा हो।
अबू अल-दुहुर एयरपोर्ट पर हमले के बाद बढ़ा तनाव
मंगलवार को सीरिया के अबू अल-दुहुर हवाई अड्डे पर हुए इजरायली हमले का जिक्र करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल पहले ही अपना संदेश स्पष्ट कर चुका था। उनके मुताबिक, संदेश को सही तरीके से नहीं समझे जाने के बाद इजरायल ने उसे और स्पष्ट करने के लिए कार्रवाई की। इजरायल का कहना है कि अबू अल-दुहुर पर हमला इसलिए किया गया, क्योंकि दमिश्क ने वहां तुर्की सैनिकों की तैनाती की अनुमति दी है। हालांकि, तुर्किये ने इस दावे को खारिज किया है। तुर्किये ने इजरायल पर सीरिया की संप्रभुता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
इदलिब में आठ हवाई हमलों का दावा
मंगलवार सुबह तड़के इजरायली लड़ाकू विमानों ने उत्तर-पश्चिमी सीरिया के इदलिब प्रांत में स्थित अबू अल-दुहुर सैन्य हवाई अड्डे के रनवे पर आठ हवाई हमले किए। इसके बाद बुधवार को इजरायल के सेना प्रमुख इयाल जमीर ने दक्षिणी सीरिया का दौरा किया। इजरायली सेना ने बताया कि यह दौरा एक दिन पहले हुए हवाई हमलों के बाद किया गया। सीरिया में इजरायल और तुर्किये की गतिविधियों को लेकर बढ़ता तनाव क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति पर भी असर डाल सकता है।




