रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने हवाई किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी पर चिंता जताते हुए PM नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने हवाई किराए की अधिकतम सीमा तय करने और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों व उनके परिजनों को रियायती टिकट देने की मांग की है। डॉ. इरफान अंसारी ने अपने पत्र में रांची से दिल्ली के हवाई टिकट का किराया करीब 31 हजार रुपये होने का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि झारखंड कैबिनेट की ओर से भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें अचानक दिल्ली आना पड़ा था। टिकट का किराया देखकर वह भी हैरान रह गए।
Read More : गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर CM हेमंत सोरेन ने दी शुभकामनाएं
एयरपोर्ट पर पति से मिलने के लिए रो रही थी महिला
स्वास्थ्य मंत्री ने पत्र में एयरपोर्ट पर हुई एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी नजर एक महिला पर पड़ी, जो हवाई टिकट का किराया देखकर रो रही थी। पूछने पर महिला ने बताया कि उसके पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक है। महिला के पति की अंतिम इच्छा थी कि वह एक बार अपनी पत्नी को देख सकें। लेकिन हवाई टिकट का महंगा किराया पत्नी के लिए पति तक पहुंचने में सबसे बड़ी बाधा बन गया था। डॉ. अंसारी के मुताबिक, महिला की परेशानी देखकर उन्होंने अपनी ओर से मदद की। इसके अलावा अन्य लोगों के सहयोग से महिला के टिकट की व्यवस्था कराई, ताकि वह अपने पति के पास पहुंच सके।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने देश के प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी @narendramodi को लिखा भावुक पत्र। जरूर पढ़ें।
सेवा में,
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी,
भारत सरकार, नई दिल्ली।विषय: हवाई किराए में बेतहाशा वृद्धि पर नियंत्रण एवं आम जनता के हित में किराया नीति बनाने के संबंध में।
आदरणीय प्रधानमंत्री जी,
सादर प्रणाम।
आज मैं आपको एक ऐसी घटना के बारे में लिख रहा हूं, जिसने मेरे मन को भीतर तक झकझोर कर रख दिया। एक स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते रोजाना लोगों का दर्द देखता हूं, लेकिन आज एयरपोर्ट पर जो दृश्य मेरी आंखों के सामने आया, उसे देखकर मेरा हृदय व्यथित हो गया।
झारखंड कैबिनेट की ओर से भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुझे अचानक रांची से दिल्ली आना पड़ा। जब मैंने हवाई टिकट का किराया देखा तो हैरान रह गया। रांची से दिल्ली का किराया लगभग 31 हजार रुपये था। मेरा यात्रा खर्च तो झारखंड सरकार वहन कर लेगी, लेकिन उस मध्यमवर्गीय परिवार का क्या होगा, जिसके लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना भी मुश्किल है?
इसी दौरान एयरपोर्ट पर मेरी नजर एक महिला पर पड़ी। वह टिकट का किराया देखकर रो रही थी। पूछने पर पता चला कि उसके पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी हालत बेहद नाजुक है। पति ने अपनी अंतिम इच्छा जताई थी कि एक बार अपनी पत्नी को देख लें।
सोचिए प्रधानमंत्री जी, एक तरफ जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा पति अपनी पत्नी का इंतजार कर रहा था और दूसरी तरफ पत्नी सिर्फ हवाई टिकट के महंगे किराए के कारण अपने पति तक पहुंच पाने में असमर्थ थी।
एक पत्नी अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करना चाहती थी, लेकिन हवाई टिकट का किराया उसके रास्ते की सबसे बड़ी दीवार बन गया था। उसकी आंखों में आंसू थे, दिल में पति से मिलने की तड़प थी और हाथ में इतने पैसे नहीं थे कि वह अपने जीवन के इस सबसे मुश्किल सफर पर निकल सके।
मैं उस महिला की बेबसी देखकर खुद को रोक नहीं पाया। मैंने अपनी ओर से हरसंभव मदद की और अन्य लोगों के सहयोग से उसके टिकट की व्यवस्था करवाई, ताकि वह अपने पति के पास पहुंच सके।
प्रधानमंत्री जी, उस समय मेरे मन में बार-बार एक ही सवाल उठ रहा था कि क्या इस देश में किसी पत्नी को अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए भी इतने संघर्ष से गुजरना पड़ेगा?
जिस समय परिवार को अपनों का साथ चाहिए, उस समय एयरलाइंस कंपनियों के आसमान छूते किराए उनकी मजबूरी का फायदा क्यों उठाएं?
आज मैंने उस महिला की मदद कर दी, लेकिन देश के हर एयरपोर्ट पर कोई इरफान अंसारी मौजूद नहीं होगा। ऐसे लाखों परिवार हैं, जो बीमारी, दुर्घटना और पारिवारिक आपातकाल में अचानक यात्रा करने को मजबूर होते हैं। उनके पास न समय होता है और न ही महंगे टिकट खरीदने की आर्थिक क्षमता।
प्रधानमंत्री जी, मैं आपसे हाथ जोड़कर आग्रह करता हूं कि नागरिक उड्डयन मंत्री को तत्काल सख्त निर्देश दें और हवाई किराए को लेकर एक ठोस नियमावली बनाएं।
1. हवाई किराए की अधिकतम सीमा निर्धारित हो।
2. एयरलाइंस कंपनियों द्वारा अचानक और मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर नियंत्रण हो।
3. आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए विशेष रियायती टिकट की व्यवस्था हो।
4. किराया निर्धारण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और कंपनियों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई हो।मैं कांग्रेस पार्टी का मंत्री हूं। हो सकता है कि राजनीतिक विचारधारा के कारण मेरी बात को उतनी गंभीरता से न लिया जाए, लेकिन प्रधानमंत्री जी, आज मैं किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान और जनसेवक के रूप में आपसे अपील कर रहा हूं।
राजनीति अपनी जगह है, लेकिन इंसानियत सबसे ऊपर होनी चाहिए।
देश में अमीरों के लिए हवाई सफर आसान है, लेकिन उस गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार का दर्द कौन समझेगा, जिसकी पूरी जमा-पूंजी एक हवाई टिकट में खत्म हो जाती है?
मैं नहीं चाहता कि भविष्य में किसी दूसरी पत्नी को अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए एयरपोर्ट पर खड़े होकर टिकट के किराए के सामने आंसू बहाने पड़ें।
किसी की जिंदगी का आखिरी मिलन एयरलाइंस कंपनियों के मुनाफे का सौदा नहीं बनना चाहिए।
आपसे विनम्र निवेदन है कि इस पत्र को राजनीतिक चश्मे से नहीं, बल्कि उस महिला के आंसुओं और उसकी बेबसी को महसूस करते हुए पढ़ें। कृपया इस विषय पर तत्काल हस्तक्षेप करें और आम जनता को राहत देने वाली नीति बनवाएं।
मुझे उम्मीद है कि आप मेरी इस मानवीय अपील पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेंगे।
सादर,
डॉ. इरफान अंसारी
स्वास्थ्य मंत्री, झारखंड सरकार
@RahulGandhi @kharge @kcvenugopalmp @KRajuINC @sirivellaprasad @BJP4Jharkhand @BJP4Delhi @INCJharkhand_— Dr. Irfan Ansari (@IrfanAnsariMLA) November 24, 2026
PM मोदी से की हवाई किराए की अधिकतम सीमा तय करने की मांग
डॉ. इरफान अंसारी ने PM से आग्रह किया है कि वे नागरिक उड्डयन मंत्री को इस मामले में सख्त निर्देश दें और हवाई किराए को लेकर ठोस नियमावली बनवाएं। उन्होंने अपने पत्र में चार प्रमुख मांगें रखी हैं :
-
हवाई किराए की अधिकतम सीमा निर्धारित की जाए।
-
एयरलाइंस कंपनियों की ओर से अचानक और मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर नियंत्रण लगाया जाए।
-
आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए विशेष रियायती टिकट की व्यवस्था हो।
-
किराया निर्धारण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और कंपनियों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई हो।
‘राजनीति अपनी जगह, इंसानियत सबसे ऊपर’
स्वास्थ्य मंत्री ने पत्र में लिखा कि वह कांग्रेस पार्टी के मंत्री हैं। राजनीतिक विचारधारा के कारण उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया जा सकता है, लेकिन उन्होंने PM से अपील की है कि इस मुद्दे को राजनीतिक नजरिये से नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना के आधार पर देखें। उन्होंने कहा कि देश में कई ऐसे परिवार हैं, जिन्हें बीमारी, दुर्घटना या पारिवारिक आपातकाल में अचानक यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में उनके लिए महंगे हवाई टिकट खरीदना मुश्किल हो जाता है। डॉ. अंसारी ने लिखा कि वह नहीं चाहते कि भविष्य में किसी दूसरी पत्नी को अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए एयरपोर्ट पर टिकट के किराये के सामने बेबस होकर आंसू बहाने पड़ें। उन्होंने PM से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर आम लोगों को राहत देने वाली नीति बनाने की अपील की है।



