रांची/ लातेहार। लातेहार में टीएसपीसी उग्रवादी संगठन ने एक बार फिर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश की है। मनिका थाना क्षेत्र के माइल गांव में एक युवती पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उसके घर पर धमकी भरा पोस्टर चिपकाया गया है।
पोस्टर में युवती और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी
घटना सेमरहट टोला निवासी कमलेश प्रसाद के घर पर हुई। पोस्टर में कमलेश की बेटी सीमा कुमारी पर पुलिस को संगठन की गतिविधियों की जानकारी देने का आरोप लगाया गया है। पोस्टर में युवती और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। परिवार को सीमा कुमारी को घर से बाहर निकालने की चेतावनी दी गई है। ऐसा नहीं करने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की धमकी दी गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास के अनुसार, पुलिस पोस्टर चिपकाने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. बताया गया है कि कमलेश की पत्नी राधिका देवी लातेहार जिला सांख्यिकी विभाग में डेली बेसिस पर कार्यरत हैं. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.




