बोकारो : जिले में अब ऑटो चालकों की पहचान उनकी यूनिफॉर्म से होगी। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एसपी के निर्देश पर ट्रैफिक विभाग ने सभी ऑटो चालक संगठनों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से ऑटो खड़ा करना, यात्रियों के लिए खींचतान करना और यातायात नियमों का उल्लंघन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Read More : सरायकेला के NH-220 में दो वाहनों की आपस में टक्कर, लगी आग, दोनों वाहन चालकों की हुई
डीएसपी ने सभी ऑटो चालक संगठनों को अपने-अपने क्षेत्र के चालकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। इसके बाद विभाग की ओर से क्षेत्रवार अलग-अलग यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे चालकों की पहचान आसानी से की जा सकेगी।
लाइसेंस अनिवार्य, बिना लाइसेंस वालों को आवेदन का निर्देश
बैठक में ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद ने कहा कि प्रत्येक ऑटो चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है। जिन चालकों के पास लाइसेंस नहीं है, वे जल्द से जल्द आवेदन कर इसे बनवाएं। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सभी चालकों का रिकॉर्ड व्यवस्थित किया जाएगा और नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
ऑटो चालकों ने रखीं अपनी समस्याएं
बैठक के दौरान ऑटो चालकों ने भी अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। उन्होंने बताया कि परमिट और फिटनेस से संबंधित कार्यों के लिए रांची जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। चालकों ने परमिट और फिटनेस से जुड़े जुर्माने के ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था लागू करने की मांग भी की।
विशेष शिविर लगाने का आश्वासन
डीएसपी अजय प्रसाद ने कहा कि पहले सभी ऑटो चालक संगठनों की सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद विशेष शिविर आयोजित कर चालकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि यातायात व्यवस्था में सुधार लाना और आम लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।




