रांची : झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान JPSC-JSSC अभ्यर्थियों पर हुए पुलिसिया लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को ‘रांची बंद’ का आह्वान किया है। सुबह करीब 8 बजे से ही पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता राजधानी की प्रमुख सड़कों पर उतर आए हैं। बंद समर्थकों ने कई मुख्य चौराहों पर टायर जलाकर उग्र विरोध प्रदर्शन किया और आसपास की दुकानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करा दिया। सड़क जाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पर गहरा असर पड़ा है।
Read More : देवेंद्रनाथ महतो अस्पताल में भर्ती, अभिजीत दीपके ने जताई चिंता
रातू रोड से लेकर कांके रोड तक बीच सड़क धरने पर बैठे नेता
शहर के विभिन्न हिस्सों में बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है :
रातू रोड व किशोरी यादव चौक : रातू रोड इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीच सड़क टायर जलाकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। वहीं किशोरी यादव चौक पर बड़ी संख्या में जुटे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर सरकार विरोधी नारेबाजी की और धरना दिया।
अरगोड़ा चौक : अरगोड़ा चौक के पास भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ सड़क के बीचों-बीच बैठकर विरोध दर्ज कराया और छात्रों पर हुए बल प्रयोग को दमनकारी बताया।
कांके रोड (CMPDI गेट) : कांके रोड स्थित CMPDI गेट के पास बंद समर्थकों ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दी, जिससे कांके मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवाजाही ठप हो गई।
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सरकार के खिलाफ हुंकार
भाजपा नेताओं का स्पष्ट कहना है कि अपने जायज हक और भविष्य के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल अत्यंत निंदनीय है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं की समस्याओं को सुनने और समाधान निकालने के बजाय पुलिस बल के दम पर उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

पुलिस प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा बल तैनात
सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन और जाम की स्थिति को देखते हुए रांची पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। संवेदनशील चौराहों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाने और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने के प्रयास में जुटे हुए हैं।




