रांची : झारखंड के जेल महानिरीक्षक (IG) सुदर्शन मंडल राज्य की विभिन्न जेलों में व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने बुधवार को हजारीबाग स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
Read More : करवा चौथ 2026 : झारखंड, बिहार से मुंबई तक कब निकलेगा चांद? देखें शहरवार समय
इससे पहले बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में फैक्ट्री एक्शन के बाद जेल IG ने हजारीबाग जेल का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों से बातचीत कर जेल के अंदर चल रही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही बंदियों के बीच जरूरत के कई सामान भी वितरित किए।
महिला बंदियों के बच्चों से मिले जेल IG
निरीक्षण के दौरान सुदर्शन मंडल ने महिला बंदियों के बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने जेल परिसर में संचालित स्कूली पढ़ाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया। जेल के अंदर बंदियों को किस तरह की सुविधाएं मिल रही हैं और व्यवस्थाएं किस प्रकार संचालित हो रही हैं, इसकी जानकारी उन्होंने बंदियों से सीधे बातचीत कर ली। जेल IG ने बंदियों तक भोजन पहुंचाने के लिए तैयार की गई ट्रॉली व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। झारखंड के सभी जिलों की जेलों में बंदियों तक खाना पहुंचाने के लिए ट्रॉलियों की व्यवस्था की जा रही है। जानकारी के अनुसार, लगभग सभी जेलों में ट्रॉलियां पहुंचा दी गई हैं। इनके जरिए बंदियों तक भोजन पहुंचाया जाएगा।
जेल परिसर में किया पौधरोपण
लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार पहुंचने पर जेल IG सुदर्शन मंडल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद बंदियों ने झारखंड की संस्कृति के अनुरूप उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान जेल IG ने जेल परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने रुद्राक्ष और आंवला के पौधे लगाए। दौरे के दौरान उनका मुख्य जोर जेल की व्यवस्थाओं, बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं, बच्चों की पढ़ाई और भोजन वितरण प्रणाली का जायजा लेने पर रहा।



