रांची : राजधानी रांची में तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर अब ट्रैफिक पुलिस की सख्त नजर रहेगी। तय की गई 40 और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा पार करते ही वाहन का चालान कट जाएगा। इसके लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई प्रमुख और व्यस्त इलाकों में स्पीड वायलेशन डिटेक्टर (SVD) कैमरे लगाए हैं। तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने पर वाहन मालिक के मोबाइल पर सीधे ऑनलाइन चालान का मैसेज भेजा जाएगा। पहली बार नियम तोड़ने पर 1,000 रुपये का चालान कटेगा, वहीं तीन से अधिक बार चालान होने पर ट्रैफिक पुलिस वाहन को जब्त भी कर सकती है।
Read More : उज्जैन श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर परिसर में मची भगदड़, 19 श्रद्धालु घायल
SVD कैमरा करेगा रफ्तार और नंबर प्लेट रिकॉर्ड
SVD कैमरा वाहन की गति रिकॉर्ड करने के साथ ही उसकी नंबर प्लेट की ऑटोमैटिक पहचान करेगा। नियम का उल्लंघन होते ही चालान ऑनलाइन जारी कर दिया जाएगा, जिसकी सूचना वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेज दी जाएगी। यदि चालान का समय पर भुगतान नहीं किया जाता है, तो ट्रैफिक पुलिस या जिला परिवहन विभाग की मदद से वाहन को ट्रैक किया जा सकता है। पुलिस हर वाहन का रिकॉर्ड रखेगी और तीन से ज्यादा बार चालान कटने पर गाड़ी ज़ब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
इन प्रमुख स्थानों पर रहेगी SVD कैमरे की नजर
शहर के निम्नलिखित प्रमुख स्थानों पर ये विशेष SVD कैमरे लगाए गए हैं:
खरसीदाग (रांची-टाटा मार्ग)
शहीद मैदान, धुर्वा
रामपुर रिंग रोड से रांची सिटी रोड
तिलता रिंग रोड से रांची सिटी रोड
पिस्कामोड़ से रवि स्टील चौक
पंडरा
हिनू एयरपोर्ट रोड
सैटेलाइट कॉलोनी से डिबडीह ब्रिज
रांची कॉलेज प्ले ग्राउंड से स्टेट गेस्ट हाउस
मेसरा रेलवे ओवरब्रिज से डीपीएस ग्रेटर रांची
ट्रैफिक पुलिस ने की सुरक्षित ड्राइविंग की अपील
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इन कैमरों को लगाने का मुख्य उद्देश्य चालकों पर आर्थिक बोझ डालना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। तेज रफ्तार पर लगाम लगने से सड़क हादसों में कमी आएगी और यात्रियों के साथ-साथ पैदल चलने वालों की सुरक्षा भी मजबूत होगी। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाने की अपील की है।








