रांची : बारिश के बावजूद शनिवार को HEC कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यालय के सामने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एकजुटता दिखाई। इस दौरान विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने आंदोलन को और तेज करने का आह्वान किया।
Read More : खूंटी में अफीम की अवैध खेती पर लगेगी रोक, SP ने बनाई कार्ययोजना
मांगों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का निर्णय
प्रदर्शन के दौरान विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर संघर्ष को व्यापक बनाने का निर्णय लिया। साथ ही कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाने पर सहमति बनी, ताकि लंबे समय से लंबित मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा सके।
उत्पादन कार्य प्रभावित नहीं करेंगे कर्मचारी
इस मौके पर हटिया मजदूर लोकमंच के विमल कुमार महली ने कहा कि कर्मचारी उत्पादन कार्य में किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्पादन पहले की तरह जारी था और आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का आंदोलन अपने अधिकारों और मांगों को लेकर है। इसका उद्देश्य उत्पादन कार्य को प्रभावित करना नहीं है।
वेतन भुगतान और नौकरी से हटाए गए कर्मियों की वापसी की मांग
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में लंबित वेतन का भुगतान, वेतन पर्ची उपलब्ध कराना और नौकरी से हटाए गए कर्मियों की वापसी शामिल है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
कई श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि हुए शामिल
प्रदर्शन में हटिया मजदूर लोकमंच के विमल कुमार महली, हटिया मजदूर यूनियन के हरेंद्र प्रसाद, एटक के अध्यक्ष आरके शाही और जनता मजदूर यूनियन के एसजे मुखर्जी शामिल हुए। इनके अलावा बड़ी संख्या में HEC कर्मचारियों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।



