दुमका : झारखंड की उपराजधानी दुमका में स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस लाइन मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ध्वजारोहण करेंगे और राष्ट्रीय ध्वज की सलामी लेंगे। समारोह को लेकर पुलिस लाइन मैदान में पूरी भव्यता और अनुशासन के साथ परेड का अंतिम रिहर्सल किया गया। 15 अगस्त को होने वाली मुख्य परेड को आईपीएस अधिकारी वेदांत शंकर कमांड करेंगे, जबकि दुमका के एसडीपीओ दिलीप खलखो द्वितीय कमांडिंग ऑफिसर की भूमिका में रहेंगे।
Read More : पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल पर हमला, गुरुद्वारे के बाहर हुई घटना
परेड में कुल 14 प्लाटून हिस्सा ले रहे हैं। इनमें आईआरबी (IRB), एसआईआरबी (SIRB), जिला पुलिस बल और गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) की टुकड़ियां शामिल हैं। दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और पुलिस अधीक्षक (SP) पीतांबर सिंह खेरवार ने अपनी पूरी टीम के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बताया कि राज्यपाल 14 अगस्त की शाम को ही दुमका पहुंच जाएंगे और 15 अगस्त को मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और जनसुविधाएं
समारोह में शामिल होने वाले आम लोगों की सुविधा के लिए मैदान में विशेष शेड बनाए गए हैं, ताकि धूप या मौसम की वजह से किसी को परेशानी न हो। एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और पूरे परिसर में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।




