रांची। एफटीएस युवा रांची ने राजू सोमानी के सहयोग से “कार्निवल – खुशियां सबके लिए” का आयोजन किया। यह विशेष कार्यक्रम शक्ति शबरी बस्ती के बच्चों के लिए आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य उन्हें भी कार्निवल जैसी खुशियों, मनोरंजन और उत्साह का अनुभव कराना था।
कार्यक्रम का आयोजन लक्ष्मी नारायण मंदिर, प्रथम तल में किया गया, जहां बच्चों ने विभिन्न खेलों, मनोरंजक गतिविधियों और मस्ती का आनंद लिया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला और सभी ने इस विशेष शाम को खूब यादगार बनाया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एफटीएस युवा रांची के अध्यक्ष अभिनव मित्तल एवं सचिव कंचन कौर के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में बस्ती प्रभारी कीर्ति मारू, विशेष केडिया, अमर सहित एफटीएस युवा के अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
एफटीएस युवा रांची का उद्देश्य केवल एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग तक खुशियां और अपनापन पहुंचाना रहा। इस पहल के माध्यम से बच्चों को यह एहसास कराया गया कि शहर की खुशियों और उत्सवों में उनका भी उतना ही अधिकार और स्थान है।




