रांची : खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल की व्यवस्था और संचालन को लेकर बुधवार को रांची नगर निगम ने बैठक की। अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में टोल शुल्क वसूली, बसों के संचालन, स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े कई बिंदुओं की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि बस टर्मिनल की बंदोबस्ती प्रक्रिया फिलहाल जारी है। बंदोबस्ती पूरी होने और नियमानुसार अंतिम निर्धारण होने तक टर्मिनल में टोल शुल्क की वसूली रांची नगर निगम अपने स्तर से करेगा।
Read More : Expo Utsav 2026 का पोस्टर रिलीज, मोरहाबादी में लगेंगे 400 स्टॉल
दो शिफ्ट में निगम की टीम करेगी टोल वसूली
पूर्व संवेदक को बस टर्मिनल से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज, अभिलेख और अन्य विवरण 24 सितंबर तक निगम कार्यालय में हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से टर्मिनल से परिचालित सभी बसों की सूची, निर्धारित समय-सारणी और एंट्री-एग्जिट से संबंधित जानकारी भी 24 सितंबर तक उपलब्ध कराने को कहा गया है। टोल वसूली के लिए निगम की टीम को दो पालियों में तैनात किया जाएगा। पहली पाली सुबह 4 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1 बजे से रात 10 बजे तक होगी। राजस्व निरीक्षक, लेखा सहायक, सैनिटरी इंस्पेक्टर और परिसंपत्ति अधीक्षक टोल शुल्क वसूली का काम करेंगे। इनफोर्समेंट टीम और होमगार्ड टोल शुल्क नहीं वसूलेंगे। उनकी जिम्मेदारी एंट्री-एग्जिट प्वाइंट, बस परिचालन, बस स्टैंड परिसर और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी की होगी।
सात दिन में हटानी होंगी लावारिस बसें
बैठक में बस टर्मिनल परिसर में लंबे समय से खड़ी लावारिस और अनुपयोगी बसों का भी मुद्दा उठा। संबंधित बस मालिकों को ऐसी बसें सात दिनों के भीतर परिसर से हटाने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में बसें नहीं हटाए जाने पर नगर निगम एमवीआई के माध्यम से उनका मूल्यांकन और दर निर्धारण कराएगा। इसके बाद नियमानुसार नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
फायर सेफ्टी, CCTV और लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
बैठक के बाद अपर नगर आयुक्त ने बस टर्मिनल परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय कर आवश्यक फायर सेफ्टी उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। टर्मिनल परिसर में स्थित अटल क्लीनिक की जानकारी यात्रियों और आम नागरिकों को आसानी से मिल सके, इसके लिए उपयुक्त साइनेज लगाने को कहा गया। इसके अलावा बसों की वाशिंग के लिए उपयुक्त स्थल तय करने, परिसर में लगे CCTV कैमरों की व्यवस्था दुरुस्त करने और खराब पड़ी पथ बत्तियों व अन्य लाइटों को जल्द ठीक कराने का निर्देश भी दिया गया। अपर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को बस टर्मिनल में स्वच्छता, सुरक्षा, राजस्व संग्रहण और यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी करते हुए जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में रांची नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी और कर्मियों के साथ बस एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




